नाहन : हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू 8 मार्च को जिला सिरमौर के प्रवास पर रहेंगे। वह नाहन के ऐतिहासिक चैगान मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री लोक निर्माण विभाग, युवा सेवाएं और खेल विभाग, तकनीकी शिक्षा, स्वास्थ्य और विद्युत विभाग से जुड़ी करीब 190 करोड़ रुपये की विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने बताया कि मुख्यमंत्री लगभग 37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नाहन के टेबल टेनिस और स्क्वैश कोर्ट परिसर, जिला पंचायत संसाधन केंद्र, राजकीय पॉलिटेक्निक धौलाकुआं में लड़कों का छात्रावास, कन्या छात्रावास, शैक्षणिक भवन की द्वितीय मंजिल, आवासीय ब्लॉक, ऑटोमोबाइल ब्लॉक, कालाअंब में फायर पोस्ट बिल्डिंग और जुड्डा का जोहड़-गाड्डा लिंक रोड का उद्घाटन करेंगे।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री लगभग 153 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली भेड़ों-आदिबद्री सड़क, बर्मापापड़ी-पालियों-माजरी सड़क मार्ग के उन्नयन कार्य, एनएच-07 से भद्रकाली मंदिर-वन चेक पोस्ट कोलर-बिलासपुर रोड तक जाने वाले लिंक रोड के उन्नयन, सड़क सुरक्षा और डंपिंग संरचना के कार्य, कांशीवाला-बिरोजा फैक्ट्री-जाबल का बाग सड़क निर्माण, सैनवाला-झमीरिया-जामनीवाला-चारूवाला कोटला लिंक रोड और मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय नाहन के भवन की आधारशिला भी रखेंगे।
इसके अलावा स्मार्ट ग्रिड प्रौद्योगिकी के माध्यम से पांवटा साहिब शहर और नाहन शहर के लिए 24×7 गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति योजनाओं की भी आधारशिला रखी जाएगी। विधायक अजय सोलंकी ने जिला की महिलाओं और आम लोगों से राज्य स्तरीय अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया।
बता दें कि मुख्यमंत्री के नाहन प्रवास को लेकर पूरा प्रशासनिक अमला तैयारियों में जुटा है। विधायक अजय सोलंकी ने शनिवार को चौगान मैदान में सभा स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश भी दिए। सोलंकी स्वयं सभा स्थल के साथ साथ अन्य व्यवस्थाओं की भी स्वयं निगरानी कर रहे हैं, ताकि सीएम के दौरे को ऐतिहासिक बनाया जा सके।



