HomeHimachalHamirpurसुजानपुर के आसमान में गरजेंगे फाइटर जेट, 25-26 मार्च को दिखेगा सूर्यकिरण...

सुजानपुर के आसमान में गरजेंगे फाइटर जेट, 25-26 मार्च को दिखेगा सूर्यकिरण का दम, हिमाचल में पहली बार ऐसा नजारा

डीसी ने बताया कि 25 और 26 मार्च को यह एयर शो सुबह लगभग 10ः45 बजे से 11ः30 बजे के बीच होगा, जिसमें वायु सेना की प्रसिद्ध सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम के कुल नौ विमान सुजानपुर के मैदान के ठीक ऊपर आसमान में कई हैरतअंगेज करतब दिखाएंगे।

हमीरपुर : भारतीय वायु सेना 25 और 26 मार्च को सुजानपुर टिहरा के मैदान के ऊपर एक अदभुत एयर शो करने जा रही है। हिमाचल प्रदेश में संभवतः पहली बार होने जा रहे वायु सेना के लड़ाकू विमानों के इस एयर शो की तैयारियों की समीक्षा के लिए उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने शुक्रवार को जिला एवं उपमंडल स्तर, वायु सेना और सैनिक स्कूल के अधिकारियों के साथ बैठक की।

डीसी ने बताया कि 25 और 26 मार्च को यह एयर शो सुबह लगभग 10ः45 बजे से 11ः30 बजे के बीच होगा, जिसमें वायु सेना की प्रसिद्ध सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम के कुल नौ विमान सुजानपुर के मैदान के ठीक ऊपर आसमान में कई हैरतअंगेज करतब दिखाएंगे। ये विमान चंडीगढ़ और आदमपुर के एयर फोर्स स्टेशनों से उड़ान भरेंगे। एयर शो के मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों, स्कूलों एवं कालेजों के विद्यार्थियों और आम लोगों के लिए मैदान में सभी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। उपायुक्त ने जिला एवं उपमंडल स्तर के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे वायु सेना तथा सैनिक स्कूल के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करें।

ये भी पढ़ें:  नगर निकाय चुनाव को लेकर बद्दी पुलिस अलर्ट, वार्डों में फ्लैग मार्च कर लोगों को दिया सुरक्षा का भरोसा

उपायुक्त ने कहा कि एयर शो की कमेंटरी के लिए मैदान में एक विशेष कैबिन भी बनाया जा रहा है, जहां से वायु सेना के अधिकारी एक-एक पल और विमानों के करतबों की जानकारी दर्शकों को देंगे। सुजानपुर के स्थानीय निवासी इस रोमांच भरे एयर शो को अपने घरों से भी देख सकते हैं। गंधर्वा राठौड़ ने कहा कि यह एयर शो सभी लोगों और विशेषकर, विद्यार्थियों के लिए एक अलग अनुभव होगा। इसलिए इसमें अधिक से अधिक विद्यार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए शिक्षा विभाग के अधिकारी सुजानपुर और इसके आसपास के सभी क्षेत्रों के शिक्षण संस्थानों को सूचित करें। कांगड़ा जिला के पालमपुर, धीरा और जयसिंहपुर तथा मंडी जिला के धर्मपुर उपमंडल के शिक्षण संस्थानों से भी संपर्क किया जा सकता है।

ये भी पढ़ें:  3 साल प्राइवेट स्कूल में पढ़ाया, अब CBSE स्कूल में मैथ्स टीचर के पद पर सेवाएं देंगी सिरमौर की ये होनहार बेटी

बैठक में सैनिक स्कूल की प्रधानाचार्य एवं वायु सेना की वरिष्ठ अधिकारी ग्रुप कैप्टन रचना जोशी ने बताया कि सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम एशिया की एकमात्र नौ विमानों वाली एरोबेटिक टीम है और विश्व की चुनिंदा उत्कृष्ट एरोबेटिक टीमों में गिनी जाती है। इस टीम ने भारत के विभिन्न शहरों के अलावा चीन, श्रीलंका, म्यांमार, थाईलैंड, सिंगापुर तथा संयुक्त अरब अमीरात सहित कई देशों में आयोजित अंतरराष्ट्रीय एयर शो में भारतीय वायु सेना की पेशेवर उत्कृष्टता का प्रदर्शन किया है।

बैठक में एसपी बलवीर सिंह, एडीसी अभिषेक गर्ग, वायु सेना की ओर से विंग कमांडर संग्राम लुईट, एसडीएम सुजानपुर विकास शुक्ला, एसडीएम हमीरपुर संजीत सिंह, सहायक आयुक्त चिराग शर्मा और अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें:  मेडिकल कालेज नाहन में जल्द शुरू होगी ये सुविधा, रोगियों को लंबी कतारों से मिलेगी निजात, समय भी बचेगा
Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More