सराहां : जिला सिरमौर के पच्छाद के दाड़ो देवरिया गांव की डॉ. स्वाति तोमर ने एमडी (MD) परीक्षा में प्रथम रैंक हासिल कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया है। टांडा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल कांगड़ा के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग में एमडी की पढ़ाई पूरी करने के बाद अब वह जिला कार्यक्रम अधिकारी के पद पर जोनल अस्पताल मंडी में अपनी सेवाएं देंगी।
दाड़ो देवरिया गांव के सुभाष ठाकुर ने बताया कि डॉ. स्वाति तोमर ने कम्युनिटी मेडिसिन की परीक्षा में प्रथम स्थान हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। साधारण किसान-बागवान परिवार से ताल्लुक रखने वाली स्वाति ने नौकरी के साथ पढ़ाई जारी रखते हुए यह मुकाम हासिल किया है।
डॉ. स्वाति तोमर अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के साथ अपनी बुआ दयाल कंवर को देती हैं। उन्होंने बताया कि बुआ ने समय-समय पर उनका मार्गदर्शन किया और मेहनत के लिए प्रोत्साहित किया। उनके पिता विनोद तोमर किसान एवं बागवान हैं, जबकि माता निर्मला तोमर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं।
वर्ष 2020 में स्वाति तोमर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्यूरी, रामपुर में मेडिकल ऑफिसर के पद पर सेवाएं शुरू की थीं। नौकरी के साथ उन्होंने आगे की पढ़ाई जारी रखी और अपनी मेहनत के बल पर एमडी में प्रथम स्थान हासिल कर गोल्ड मेडल प्राप्त किया।
अब एमडी की पढ़ाई पूरी करने के बाद डॉ. स्वाति तोमर जोनल अस्पताल मंडी में जिला कार्यक्रम अधिकारी के पद पर सेवाएं देंगी। उनकी इस उपलब्धि को लेकर दाडो देवरिया सहित पच्छाद क्षेत्र के लोगों ने उन्हें बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
