होमHimachalSirmaurमलगांव स्कूल में बच्चों की रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच ने मोहा मन,...

मलगांव स्कूल में बच्चों की रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच ने मोहा मन, उपनिदेशक राजीव ठाकुर ने किया गतिविधियों का निरीक्षण

राजकीय उच्च विद्यालय मलगांव में बुधवार को इको क्लब फॉर मिशन लाइफ के तहत विभिन्न शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

नाहन : राजकीय उच्च विद्यालय मलगांव में बुधवार को इको क्लब फॉर मिशन लाइफ के तहत विभिन्न शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सदनवार आयोजित इन गतिविधियों में विद्यार्थियों ने गणित और विज्ञान के मॉडल, पोस्टर, रंगोली तथा विभिन्न राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों के माध्यम से अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का निरीक्षण प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक राजीव ठाकुर ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों की ओर से तैयार किए गए गणित एवं विज्ञान के मॉडलों, पोस्टरों, रंगोलियों और पारंपरिक व्यंजनों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में गणित एवं विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी, प्रश्नोत्तरी, पोस्टर मेकिंग और रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। वहीं, ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ गतिविधि के तहत विभिन्न राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। विद्यार्थियों ने इन गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी वैज्ञानिक सोच, नवाचार, कलात्मक कौशल और देश की सांस्कृतिक विविधता की झलक प्रस्तुत की।

ये भी पढ़ें:  राजगढ़ : भूईरा की निष्ठा JNU दिल्ली में करेगी संस्कृत में मास्टर डिग्री, PHD लक्ष्य

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के अध्यक्ष मान सिंह ठाकुर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जमटा की विज्ञान अध्यापिका दीपा और अनूप ठाकुर समेत एसएमसी सदस्य, विद्यालय के शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे। सभी ने कार्यक्रम में भाग लेकर विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाया।

विद्यालय के कार्यकारी मुख्याध्यापक संदीप कुमार ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

इनके माध्यम से बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी और विभिन्न संस्कृतियों के प्रति सम्मान की भावना विकसित होती है। उन्होंने विद्यालय पहुंचकर गतिविधियों का निरीक्षण करने और विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाने के लिए प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक राजीव ठाकुर का आभार भी व्यक्त किया।

ये भी पढ़ें:  मीनस में RTO सिरमौर की बड़ी कार्रवाई, 100 से ज्यादा वाहनों की जांच, 5.49 लाख वसूला जुर्माना

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना तथा उनमें सहयोग, नवाचार और पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करना रहा। आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Latest Articles

Explore More