HomeSports3rd पेसापालो एशिया कप में इंडिया टीम से खेलेगा सिरमौर का ये...

3rd पेसापालो एशिया कप में इंडिया टीम से खेलेगा सिरमौर का ये खिलाड़ी, भूटान में होगी चैंपियनशिप, इंडिया टीम की कर चुके हैं कप्तानी

नाहन : हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के प्रकाश ठाकुर का चयन भूटान में अगले माह आयोजित होने वाले थर्ड पेसापालो एशिया कप के लिए हुआ है. वह सीनियर इंडिया टीम से खेलेंगे. ये खेल 27 से 30 मई तक आयोजित होंगे.

पेसापालो खिलाड़ी प्रकाश के चयन से इलाके में खुशी की लहर है. इससे पहले भी वह राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर भारत के लिए मैडल जीत चुके हैं. वह इंडियन टीम की कप्तानी भी रह चुके हैं.

दरअसल, पेसापालो को फिनिश बेसबॉल के नाम से भी जाना जाता है. ये खेल बेसबॉल की तरह ही है. असल में ये फिनलैंड का राष्ट्रीय खेल है, जो तेज गति वाला बल्ले और गेंद का खेल है. ये पारंपरिक बॉल-बैटिंग टीम गेम और अमेरिकी बेसबॉल का मिश्रण है.

ये भी पढ़ें:  Advisory: सर्दियों में पाला प्रभावित कर सकता है आपकी बागवानी, ऐसे करें बचाव

इसमें एक टीम गेंद को मारकर और बेस से भागकर स्कोर करने की कोशिश करती है, जबकि दूसरी टीम गेंद को पकड़कर और रनर्स को आउट करके बचाव करने की कोशिश में रहती है.

बता दें कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र की अशयाड़ी पंचायत के टिंबी गांव के रहने वाले प्रकाश ठाकुर ने पेसापालो खेल की शुरुआत 2016 से की. उन्होंने इस खेल की केरल से ट्रेनिंग ली, जो आज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय लेवल पर अपनी पहचान बना चुके हैं.

वर्ष 2018 में नेपाल में आयोजित साउथ एशियन चैंपियनशिप में उन्होंने भारत के लिए गोल्ड मेडल जीता. वर्ष 2019 में महाराष्ट्रा के पुणे में हुए पेसापालो वर्ल्ड कप में उन्हें टीम इंडिया की कप्तानी भी मिली. हालांकि, इसमें भारत को कोई मेडल हासिल नहीं हो सका.

ये भी पढ़ें:  LSD केस में STF के 4 पुलिसकर्मी गिरफ्तार, कुल्लू में पकड़कर छोड़ दिए थे तस्कर, शिमला में खुला बड़ा राज

वर्ष 2023 में हिमाचल के जिला बिलासपुर में हुए फर्स्ट पेसापालो फेडरेशन कप में प्रकाश ठाकुर ने हिमाचल टीम कप्तानी करते हुए प्रदेश को सिल्वर मेडल दिलाया और 2023 मार्च में महाराष्ट्र की शिरडी में इंडिया कैंप में उनको बेस्ट प्लेयर अवार्ड से सम्मानित किया गया.

वर्ष 2024 में हरियाणा के मुलाना में हुई 15वीं पेसापालो नेशनल चैंपियनशिप में भी प्रकाश ठाकुर ने हिमाचल की कप्तानी करते हुए सिल्वर मेडल जीता.

अब एक बार फिर प्रकाश ठाकुर एशिया कप में टीम इंडिया का प्रतिनिधित्व करेंगे. प्रकाश ठाकुर ने बताया कि पेसापालो फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से उन्हें एशिया कप चैंपियनशिप के लिए सिलेक्शन लेटर मिल चुका है. उन्होंने बताया कि उनका यही प्रयास रहेगा कि वह इंडिया के लिए अपना शानदार खेल दिखाएं और मेडल लाएं. इसके लिए वह कड़ी मेहनत कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें:  जिला स्तरीय सब-जूनियर रग्बी स्पर्धा में 'द स्कॉलर होम' का दबदबा, उत्कृष्ट खिलाड़ी अब खेलेंगे स्टेट

उधर, इंडिया टीम में उनके सिलेक्शन से उनके गृह क्षेत्र शिलाई सहित जिला सिरमौर में खुशी की लहर है. एशिया कप में इंडिया का प्रतिनिधित्व करने के लिए उन्हें और उनके परिजनों को बधाई दी जा रही है.

Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More