HomeAgricultureकभी देखी है ऐसी रंग-बिरंगी गोभी, इस जिले में सफल उत्पादन, बढ़ाएगी...

कभी देखी है ऐसी रंग-बिरंगी गोभी, इस जिले में सफल उत्पादन, बढ़ाएगी इम्युनिटी और भी कई लाभ

आम तौर पर उगाई जाने वाली सफेद फूल गोभी में भी कई तरह के पोषक तत्व पाए जाते हैं, लेकिन कलरफुल गोभी की किस्में सेहत के लिए भी ज्यादा फायदेमंद हैं. इसमें भरपूर मात्रा में पौष्टिक तत्व पाए जाते हैं, जिनमें विटामिन सी, आयरन, पोटेशियम, मैग्नीशियम और फाइबर मुख्य हैं.

नाहन : आप सभी सफेद फूल गोभी और इसके स्वाद से परिचित होंगे, लेकिन क्या आपने कभी कलरफुल गोभी या उसका स्वाद चखा है? नहीं, तो आज इसी तरह की गोभी और उसके फायदों से आपको रूबरू करवाएंगे, जिसका सफल उत्पादन हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में हुआ है.

हिमाचल प्रदेश के पहले कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) सिरमौर (धौलाकुआं) में प्राकृतिक तौर पर विभिन्न तरह की कलरफुल गोभी का उत्पादन हुआ है. यहां लाल पत्ता गोभी के अलावा पीले और बैंगनी रंग की फूल गोभी उगाई गई है. खास बात ये है कि गोभी की रंगीन किस्मों के सेवन से मनुष्यों की रोग प्रतिरोधक क्षमता में सुधार होता है. देश की मेट्रो सिटीज में इनकी डिमांड अधिक है. लिहाजा आम तौर की सफेद गोभी के मुकाबले इनके दाम भी 3 से 4 गुणा अधिक है. ऐसे में कलरफुल गोभी की किस्मों का उत्पादन कर न केवल जिला बल्कि प्रदेश के किसान भी अपनी आर्थिकी को मजबूत कर अपनी तकदीर बदल सकते हैं.

बता दें कि किसानों को जागरूक करने और उन्हें नई-नई खेती की किस्मों के प्रति जागरूक करने की अवधारणा से केवीके में फसल प्रदर्शन इकाई स्थापित की गई है. यहां कृषि वैज्ञानिकों द्वारा कृषि के क्षेत्र में नए-नए प्रयोग किए जा रहे हैं. इन्हीं में से एक यह कलरफुल गोभी का उत्पादन भी शामिल हैं.

हालांकि, आम तौर पर उगाई जाने वाली सफेद फूल गोभी में भी कई तरह के पोषक तत्व पाए जाते हैं, लेकिन कलरफुल गोभी की किस्में सेहत के लिए भी ज्यादा फायदेमंद हैं. इसमें भरपूर मात्रा में पौष्टिक तत्व पाए जाते हैं, जिनमें विटामिन सी, आयरन, पोटेशियम, मैग्नीशियम और फाइबर मुख्य हैं.

साधारण पत्ता गोभी से लाल पत्ता गोभी इस वजह से भी अलग
अममून बाजारों में मिलने वाली हरी पत्ता गोभी को लेकर लोगों में कई तरह की चर्चा एवं भ्रांतियां देखने और सुनने को मिलती है, लेकिन लाल पत्ता गोभी इतनी अधिक ठोस अवस्था में होती है कि इसके अंदर कीड़ा आसानी से दाखिल नहीं हो सकता. लिहाजा, इसे साधारण या हरी पत्ता गोभी से ज्यादा पौष्टिक और सुरक्षित माना जाता है.

ये भी पढ़ें:  सिरमौर: धौलाकुआं से बाता पुल तक फोरलेन की डीपीआर तैयार, 402 करोड़ से बनेगा !

बैंगनी फूल गोभी के ये लाभ
केवीके में वेलेटीना किस्म की बैंगनी कलर की फूल गोभी का उत्पादन किया गया है. कृषि विशेषज्ञ के अनुसार इस फूल गोभी में कई तरह के पोषक तत्व होते हैं, जो सेहत के लिए बहुत फायदेमंद साबित होते हैं. इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट और फाइबर की वजह से यह कई तरह की बीमारियों से बचाव करती है. विशेषज्ञों के अनुसार इस फूलगोभी में मौजूद एंथोसायनिन नामक तत्व हार्ट हेल्थ के लिए फायदेमंद होता है. साथ ही ये ब्लड प्रेशर को भी कंट्रोल करने में मदद करता है. विटासिन सी और एंटीऑक्सीडेंट के कारण ये इम्युनिटी बढ़ाने में भी सक्षम है.

स्वास्थ्य के लिए इसलिए फायदेमंद है पीली गोभी
विशेषज्ञों की मानें तो पीली फूल गोभी सिर्फ स्वाद में ही नहीं, बल्कि सेहत के लिहाज से भी बेहतरीन होती है. इसमें विटामिन ए, सी और के भरपूर मात्रा में होते हैं. इसके अलावा ये फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट से भी भरपूर होती है, जो पाचन को बेहतर बनाते हैं और इम्युनिटी को भी मजबूत करते हैं. लिहाजा इस गोभी का उत्पादन भी किसानों की तकदीर चमका सकता है.

ये भी पढ़ें:  ड्रॉप्स ऑफ होप सोसाइटी करना चाहती है ऐसे युवाओं की मदद, विधायक सोलंकी से की ये मांग

लाल पत्ता गोभी काफी कारगर
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार लाल पत्ता गोभी में आयरन के साथ-साथ एंटी एंटीऑक्सीडेंट भी होते है. साथ ही ये स्वास्थ्य के लिए भी काफी पौष्टिक है. फाइबर होने की वजह से ये पेट में अच्छे बैक्टीरिया को बढ़ाता है. इससे पेट हमेशा साफ रहता है और पाचन की समस्या नहीं होती. लाल पत्ता गोभी में एंटीऑक्सीडेंट की भरपूर मात्रा होती है, जो हृदय और कैंसर जैसी बीमारियों को रोकने का काम करता है. इसके अलावा डायबिटीज को नियंत्रित करने में भी ये सहायक है. लाल पत्ता गोभी में मौजूद एंथोसाइनिन सेल्प में ऑक्सीडेशन नहीं होने देता. लिहाजा ये कैंसर जैसी घातक बीमारियों से बचने की संभावना बढ़ाता है. इसके अलावा इसमें कैलोरी की मात्रा बहुत कम होती है और फाइबर की मात्रा बहुत ज्यादा होती है.

जिला में कलरफुल गोभी की खेती संभव : डा. मित्तल
उधर, केवीके सिरमौर के प्रभारी एवं प्रधान वैज्ञानिक डा. पंकज मित्तल ने बताया कि किसानों की आमदनी को कैसे बढ़ाया जाए, इस दृष्टि से कृषि विज्ञान केंद्र में कई तरह के कार्य किए जा रहे हैं. इसी के तहत कलरफुल गोभी को भी उगाया गया है. वहीं फूल गोभी के संकर बीज उत्पादन पर भी काम शुरू किया गया है. गोभी की इन किस्मों को अपनाकर किसान अपनी आमदनी को बढ़ा सकते हैं. ये सभी गोभी प्राकृतिक रंग की है. सफेद रंग की साधारण फूल गोभी की तुलना में यह रंगीन गोभी अधिक पौष्टिक हैं. मैट्रोज सिटीज में इनकी डिमांड है, जहां किसान इन्हें बेचकर अच्छा लाभ कमा सकते हैं.

डा. मित्तल के अनुसार आने वाला समय भी ऐसी ही सब्जियों का है. इन्हें विदेशी सब्जी भी कहा सकता है. उन्होंने बताया कि इन रंगीन गोभी की जिला के मैदानी इलाकों में खेतीबाड़ी संभव हैं या नहीं, उसी दृष्टि से यह प्रयास किए गए, जिसमें सफल हुए है और आगे भी इस तरह के प्रयास जारी रहेंगे.

ये किस्में स्वास्थ्य विभाग के लिए कारगर : डा. शिवाली
वहीं, केवीके में तैनात पादप रोग विज्ञान विशेषज्ञ डा. शिवाली धीमान ने कहा कि कलरफुल गोभी की यह किस्में लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी काफी लाभदायक हैं. लाल पत्ता गोभी स्वास्थ्य के लिए काफी फायदेमंद है. साधारण गोभी के ढीले पत्ते से कीड़ा इसमें आसानी से दाखिल कर जाता है. इसी तरह बैंगनी और पीली गोभी दोनों ही पोषक तत्वों से भरपूर होती हैं, जिसमें इनमें विटामिन सी, एंटीऑक्सीडेंट, कैल्शियम, मैग्नीशियम और पोटैशियम जैसे कई पोषक तत्व पाए जाते हैं. इनका सेवन स्वास्थ्य के लिए कई तरह से लाभदायक होता है.

Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More