Home Education CBSE पैटर्न की ओर बढ़े 118 सरकारी स्कूल, 2028 में पहली बार...

CBSE पैटर्न की ओर बढ़े 118 सरकारी स्कूल, 2028 में पहली बार देंगे बोर्ड परीक्षा

अब तक चयनित 130 स्कूलों में से 118 को सीबीएसई से संबद्धता मिल चुकी है, जबकि बाकी स्कूल विभिन्न चरणों में हैं। विभाग का कहना है कि संबद्धता चरणबद्ध और निर्धारित मानकों के अनुरूप दी जा रही है

0

शिमला : प्रदेश सरकार की पहल के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों को सीबीएसई (CBSE) से जोड़ने की प्रक्रिया तेज हो गई है। अब तक चयनित 130 स्कूलों में से 118 को सीबीएसई से संबद्धता मिल चुकी है, जबकि बाकी स्कूल विभिन्न चरणों में हैं। विभाग का कहना है कि संबद्धता चरणबद्ध और निर्धारित मानकों के अनुरूप दी जा रही है ताकि आधारभूत संरचना, शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्थाएं सीबीएसई के अनुरूप हों।

निदेशक स्कूल शिक्षा आशीष कोहली ने बताया कि इस निर्णय को लागू करने के लिए निदेशालय और उपनिदेशक स्तर पर अलग-अलग सीबीएसई सेल स्थापित किए गए हैं। स्कूलों में प्रधानाचार्यों और तकनीकी सहायकों को ऑनलाइन डाटा और आवश्यक सूचनाएं अपलोड करने का प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है, जिससे प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।

ये भी पढ़ें:  HRTC बस हादसा : प्रशासन ने जारी की मृतकों और घायलों की सूची, क्लिक पर पूरी अपडेट

उन्होंने स्पष्ट किया कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 में सीबीएसई से संबद्ध हुए ये सभी सरकारी स्कूल पहली बार वर्ष 2028 में सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होंगे। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में इन स्कूलों में कक्षा 10वीं और जमा दो में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थी हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला की ही बोर्ड परीक्षा देंगे, क्योंकि नियमों के अनुसार संबद्धता के बाद पहला वर्ष तैयारी के लिए निर्धारित होता है।

विभाग के अनुसार सीबीएसई से जुड़े इन स्कूलों में बालवाटिका-एक से लेकर जमा दो तक सभी कक्षाएं संचालित की जाएंगी और शैक्षणिक ढांचा सीबीएसई के अनुरूप विकसित किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें:  कांसर स्कूल में छात्राओं ने मार्शल आर्ट से सीखा आत्मरक्षा का कौशल