बिलासपुर : उपायुक्त राहुल कुमार ने सोमवार को श्री नैना देवी जी मंदिर परिसर में आगामी श्रावण अष्टमी मेला को लेकर श्रद्धालुओं की सुविधा के दृष्टिगत विभिन्न ब्रॉडकास्टिंग सेवाओं का शुभारंभ किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर व आसपास के क्षेत्रों में तीन नई एलईडी डिस्पले यूनिट्स का शुभारंभ किया, जिनके माध्यम से जहां श्रद्धालुओं को मां श्री नैना देवी जी के लाईव दर्शन होंगे तो वहीं विभिन्न जानकारियां एवं सूचनाएं भी साझा की जाएंगी।
मंदिर प्रबंधन के इस कदम से श्रद्धालुओं को होने वाली विभिन्न असुविधाओं से राहत मिलेगी और मंदिर प्रबंधन की ओर से प्रसारित की जाने वाली सूचनाओं की जानकारी भी सीधे श्रद्धालुओं को उपलब्ध रहेगी। उपायुक्त ने माता श्री नैना देवी जी के यूट्यूब लाइव दर्शन का भी शुभारंभ किया। अब श्रद्धालुओं को यूट्यूब के माध्यम से भी माता के दर्शन उपलब्ध रहेंगे। इसके अतिरिक्त उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सोलर हट्स का भी शुभारंभ किया।
सोलर हट्स में जहां श्रद्धालुओं को बैठने की सुविधा मिलेगी तो वहीं मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, पंखे इत्यादि की सुविधा भी रहेगी। इसके अतिरिक्त इन सोलर हट्स के माध्यम से श्रद्धालुओं को वर्षा के दौरान आश्रय की सुविधा भी मिलेगी। उन्होंने बताया कि श्रावण अष्टमी मेलों को देखते हुए मंदिर प्रशासन द्वारा ऐसे 8 से 10 सोलर हट्स विभिन्न स्थानों पर स्थापित किए जाएंगे।
उपायुक्त ने कहा कि श्री नैना देवी जी उतर भारत का प्रसिद्ध शक्तिपीठ है और प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु विशेषकर श्रावण अष्टमी मेलों के दौरान माता के दर्शनार्थ मंदिर पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर ट्रस्ट की ओर से समय समय पर अनेक कदम उठाए जाते हैं, जिनमें आज ब्रॉडकास्टिंग सेवाओं का शुभारंभ, यूट्यूब लाईव दर्शन और सोलर हट्स जैसे प्रयास भी शामिल हैं। इस अवसर पर एसडीएम श्री नैना देवी जी धर्मपाल सहित मंदिर न्यास के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।