नाहन : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में नाहन के ऐतिहासिक चौगान मैदान में आयोजित समारोह में विधायक अजय सोलंकी ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के समक्ष क्षेत्र से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं। अपने संबोधन में विधायक अजय सोलंकी ने डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य को जल्द शुरू करवाने की मांग प्रमुखता से उठाई। इसके साथ ही उन्होंने कृषि विज्ञान केंद्र धौलाकुआं को कृषि कॉलेज में तब्दील करने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी।
विधायक ने कहा कि नाहन विधानसभा क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए कई बुनियादी परियोजनाओं को शीघ्र शुरू किया जाना आवश्यक है। उन्होंने विक्रमबाग और खैरवाला में पुल निर्माण, कोलर में राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल के निर्माण कार्य को शुरू करने, नाहन शहर में मल्टी स्टोरी पार्किंग के लिए बजट जारी करने और त्रिलोकपुर में उप तहसील खोलने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि इसके लिए पांच पटवार सर्किल बनाने की आवश्यकता है। इसके अलावा मारकंडा नदी के चैनलाइजेशन और माजरा की सूखी खड्ड के चैनलाइजेशन की मांग भी उठाई।
विधायक ने बताया कि नाहन उपमंडल के धारटीधार क्षेत्र की सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 8.5 करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार कर मुख्यालय भेजी जा चुकी है। उन्होंने इस डीपीआर को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का भी आग्रह किया। विधायक द्वारा उठाई गई इन सभी मांगों पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए उन्हें जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया।
बेटों से ज्यादा बेटियां करती हैं माता-पिता की सेवा व सम्मान: हर्षवर्धन
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि आज के दौर में बेटियां बेटों से ज्यादा अपने माता-पिता का सम्मान करती हैं और उनका ध्यान रखती हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की दो बेटियां हैं, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की एक बेटी है और उनकी भी एक बेटी है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की भी दो बेटियां हैं।
हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि जब वह अविवाहित थे, तब उन्होंने अपना पहला चुनाव लड़ा था, जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि शादी के बाद जब उन्होंने दूसरी बार चुनाव लड़ा तो वह जीत गए। उन्होंने कहा कि पति की सफलता में पत्नी का भी अहम योगदान होता है और कई बार पत्नी के भाग्य से पति का भाग्य भी चमक जाता है। उन्होंने समाज से बेटियों को उच्च शिक्षा देने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार बेटियों की पढ़ाई के लिए इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना सहित कई योजनाएं चला रही है, जिनका लाभ जरूरतमंद परिवारों को लेना चाहिए।
नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं और पुलिस टीम ने प्रस्तुत किए वन एक्ट प्ले
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में नर्सिंग कॉलेज नाहन की छात्राओं और पुलिस विभाग की टीम ने महिलाओं को सशक्त बनाने के संदेश के साथ वन एक्ट प्ले प्रस्तुत किए। नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं और हिमाचल पुलिस की टीम ने अपने नाट्य मंचन के माध्यम से यह दिखाया कि पहले के समय में बेटियों को क्यों नहीं पढ़ाया जाता था और उन्हें क्यों अभिशाप समझा जाता था। इस मार्मिक प्रस्तुति ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को भावुक भी किया और खूब सराहना भी मिली।



