HomeHimachalबिल नहीं भरा तो स्मार्ट मीटर खुद काट देगा बिजली, दोबारा जोड़ने...

बिल नहीं भरा तो स्मार्ट मीटर खुद काट देगा बिजली, दोबारा जोड़ने पर देना होगा शुल्क, यहां लागू हुई नई व्यवस्था

जैसे ही स्मार्ट मीटर के जरिए कनेक्शन कटेगा, मीटर से आउटपुट लाइन में बिजली की आपूर्ति पूरी तरह बंद हो जाएगी। उपभोक्ता को पहले पूरे बकाया बिजली बिल का ऑनलाइन भुगतान करना होगा।

नाहन : जिला सिरमौर के पच्छाद विधानसभा क्षेत्र में बिजली उपभोक्ताओं के लिए नई व्यवस्था लागू हो गई है। बिजली बोर्ड उपमंडल सराहां के अंतर्गत आने वाले सभी उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। अब यदि कोई उपभोक्ता समय पर बिजली बिल का भुगतान नहीं करता है, तो उसका बिजली कनेक्शन स्मार्ट मीटर के माध्यम से स्वयं ही कट जाएगा।

विद्युत बोर्ड सराहां उपमंडल के सहायक अभियंता प्रतीक ठाकुर ने बताया कि यह प्रक्रिया 10 जनवरी 2026 से शुरू हो चुकी है। जैसे ही स्मार्ट मीटर के जरिए कनेक्शन कटेगा, मीटर से आउटपुट लाइन में बिजली की आपूर्ति पूरी तरह बंद हो जाएगी। उपभोक्ता को पहले पूरे बकाया बिजली बिल का ऑनलाइन भुगतान करना होगा।

ये भी पढ़ें:  हिमाचल विधानसभा में गूंजा पच्छाद के लोगों का दर्द, विधायक रीना ने उठाया सराहां अस्पताल का मामला

कटा हुआ बिजली कनेक्शन पुनः चालू करवाने के लिए उपभोक्ताओं को 250 रुपए की राशि बिजली बोर्ड कार्यालय में जमा करवानी होगी। यह शुल्क केवल कार्य दिवसों में दोपहर 3 बजे तक ही स्वीकार किया जाएगा। शुल्क जमा करने और रसीद कटने के करीब 30 मिनट बाद उपभोक्ता का बिजली कनेक्शन स्मार्ट मीटर के जरिए स्वतः ही चालू हो जाएगा।

सहायक अभियंता ने सभी उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि वे समय पर बिजली बिल का भुगतान करें, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब स्मार्ट मीटर का बिजली बिल घर पर नहीं दिया जाएगा। बिल उपभोक्ताओं को उनके रजिस्टर मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी पर ऑनलाइन माध्यम से भेजा जाएगा।

ये भी पढ़ें:  स्वास्थ्य खंड पुखरी में भरे जाएंगे आशा कार्यकर्ताओं के 9 पद, 2 जनवरी को साक्षात्कार

उन्होंने बताया कि बिजली बिल का भुगतान बिजली बोर्ड की आधिकारिक ऐप के माध्यम से भी किया जा सकता है। यदि किसी उपभोक्ता का मोबाइल नंबर बिजली बोर्ड के कार्यालय में दर्ज नहीं है या बदल चुका है, तो उसे समय रहते कार्यालय में जाकर अपडेट करवा दें, ताकि बिल संबंधी जानकारी सही समय पर प्राप्त हो सके।

Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More