शिमला : अंतरराष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव- 2026 के अंतर्गत कला एवं संस्कृति को समर्पित एक विशेष आयोजन ‘Canvas of The Hills’ का शुभारंभ 1 जून 2026 को ऐतिहासिक रिज मैदान, शिमला में किया जाएगा। इस अनूठे कला महोत्सव में देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिष्ठित चित्रकार एवं कलाकार भाग लेंगे और शिमला की प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक धरोहरों व सांस्कृतिक विरासत को अपने कैनवास पर जीवंत रूप देंगे।
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि इस विशेष पहल के तहत कलाकार शिमला के प्रमुख स्थलों, पहाड़ी दृश्यों, ऐतिहासिक भवनों और आसपास के प्राकृतिक वातावरण का प्रत्यक्ष अवलोकन कर लाइव पेंटिंग एवं स्केचिंग करेंगे। इसके उपरांत कलाकार हिमालयी क्षेत्र की अद्भुत प्राकृतिक छटा को चित्रित करने के लिए स्पीति घाटी का भी भ्रमण करेंगे। इस कला यात्रा का उद्देश्य हिमाचल प्रदेश की सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक विरासत को कला के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करना है। शिमला जिला प्रशासन द्वारा इस आयोजन के लिए कलाकारों को विशेष आमंत्रण दिया गया है।
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि Canvas of The Hills कला महोत्सव का मुख्य उद्देश्य देशभर के कलाकारों को एक साझा मंच प्रदान करना, कला के माध्यम से सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देना तथा शिमला की अनुपम सुंदरता को रचनात्मक अभिव्यक्ति के जरिए व्यापक स्तर पर पहुंचाना है। यह आयोजन न केवल कलाकारों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा बल्कि स्थानीय कला प्रेमियों और पर्यटकों के लिए भी एक विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
अंतरराष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव-2026 के अंतर्गत आयोजित यह कला महोत्सव शिमला के सौंदर्य, संस्कृति और विरासत को रंगों एवं रचनात्मकता के माध्यम से एक नई पहचान प्रदान करेगा।
विभिन्न राज्यों के चित्रकार लेंगे हिस्सा
इस कला महोत्सव में पुणे, जोधपुर, विशाखापट्टनम, असम तथा शिमला सहित विभिन्न क्षेत्रों से कलाकार भाग ले रहे हैं। प्रतिभागी कलाकारों में शिरीष देशपांडे, मनोज सोमन, संदीप खेडकर, नितिन महामुनी, महेंद्र कोंडेकर, सुहासिनी एम. कोंडेकर, राधा सोमन, विनीता पुरोहित लोहरा, गुलजार हुसैन, साई मणिकिरण वेदुरुपर्थी, वामसी किरण पैला, देबप्रिया बेजबरुआह, नक्शदीप सिंह और राजेंद्र मेहता शामिल हैं।
