Home Himachal Sirmaur राजगढ़ बाजार में खड़ी कार में अचानक भड़की आग, लोगों की सूझबूझ...

राजगढ़ बाजार में खड़ी कार में अचानक भड़की आग, लोगों की सूझबूझ से टला हादसा, पर बड़ा सवाल ये

घटना के दौरान मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। यदि समय रहते आग को नियंत्रित नहीं किया जाता तो यह घटना बड़ा रूप ले सकती थी।

0

राजगढ़ : जिला सिरमौर के राजगढ़ बाजार में रविवार सुबह पुराने बस स्टैंड पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वहां खड़ी एक मारुति कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कार से धुआं उठने लगा और आग की लपटें दिखाई देने लगीं, जिससे आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

घटना के दौरान मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। यदि समय रहते आग को नियंत्रित नहीं किया जाता तो यह घटना बड़ा रूप ले सकती थी।

इस घटना ने एक बार फिर राजगढ़ क्षेत्र में फायर स्टेशन की कमी को उजागर कर दिया है। हैरानी की बात यह है कि इतने वर्षों के बाद भी राजगढ़ में दमकल विभाग का न तो कोई कार्यालय है और न ही यहां फायर ब्रिगेड की गाड़ी उपलब्ध है। ऐसी स्थिति में आग की घटनाओं के समय लोगों को अपने स्तर पर ही हालात से निपटना पड़ता है।

ये भी पढ़ें:  DC सिरमौर की अपील: जिले में एलपीजी सिलेंडर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध, अनावश्यक भंडारण न करें

गौरतलब है कि राजगढ़ क्षेत्र में समय-समय पर आग की घटनाएं सामने आती रहती हैं। कभी शॉर्ट सर्किट के कारण दुकानों में तो कभी आसपास के गांवों में ग्रामीणों की घासनियों में आग लगने की घटनाएं सामने आती हैं, जिससे लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि भाजपा और कांग्रेस के नेता वर्षों से राजगढ़ में फायर स्टेशन खोलने के बड़े-बड़े वादे करते आए हैं, लेकिन आज तक ये वादे केवल भाषणों और कागजों तक ही सीमित रहे हैं। चुनाव के समय नेता जनता से वादे कर सत्ता तो हासिल कर लेते हैं, लेकिन क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं की ओर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जाता।

ये भी पढ़ें:  13 व 14 नवंबर को होगा अग्निवीर महिला सेना पुलिस भर्ती प्रक्रिया का दूसरा चरण

रविवार सुबह कार में लगी आग की इस घटना के बाद एक बार फिर क्षेत्र में फायर स्टेशन की मांग तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही राजगढ़ में फायर स्टेशन की स्थापना नहीं की गई तो भविष्य में कोई बड़ी अनहोनी भी हो सकती है। स्थानीय लोगों ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि राजगढ़ क्षेत्र में जल्द से जल्द दमकल विभाग का कार्यालय और फायर ब्रिगेड की व्यवस्था की जाए, ताकि आग जैसी घटनाओं से समय रहते निपटा जा सके।

ये भी पढ़ें:  सीएम को अपने बीच पाकर गदगद हुए बालिका आश्रम किलाड़ के बच्चे