सोलन : जिला सोलन में शारीरिक शिक्षक (जॉब ट्रेनी) के 14 रिक्त पदों को बैचवार आधार पर भरने के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया 3 से 9 जून, 2026 तक आयोजित की जाएगी। यह जानकारी उप निदेशक स्कूल शिक्षा (प्रारम्भिक) सोलन ने दी।
उन्होंने कहा कि सोलन जिला में शारीरिक शिक्षक के कुल 14 पद हैं। इनमें 6 पद अनारक्षित, 2 पद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, 2 पद अन्य पिछड़ा वर्ग (अनारक्षित), 3 पद अनुसूचित जाति वर्ग (अनारक्षित) और 1 पद अनुसूचित जनजाति वर्ग (अनारक्षित) के लिए है।
उन्होंने कहा कि उम्मीदवार को अपने गृह जिला में निर्धारित प्रपत्र पर जिलों की प्राथमिकताओं का क्रम भरकर देना होगा। उन्होंने कहा कि एक बार दी गई प्राथमिकता को किसी भी परिस्थिति में बदला नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों को अपने गृह जिला में ही काउंसलिंग के लिए उपस्थित होना होगा।
उम्मीदवारों को अपने गृह जिला में ही सभी 12 जिलों की प्राथमिकताएं प्रस्तुत करनी हैं। उच्च न्यायालय के आदेशानुसार निर्धारित मापदंड पूर्ण करने वाला उम्मीदवार 12 जिलों में से किसी भी जिला में भर्ती के लिए पात्र हैं।
उन्होंने कहा कि शारीरिक शिक्षक के पद के लिए उम्मीदवार का भर्ती एवं पदोन्नति नियम 10 जनवरी, 2011 के अनुसार निर्धारित योगयता पूर्ण करना आवश्यक है। भर्ती एवं पदोन्नति नियम की प्रतिलिपि विभागीय वेबसाइट https:/himachal.nic.in/dse पर उपलब्ध है।
उप निदेशक ने कहा कि ज़िला सोलन में शारीरिक शिक्षक पदों के लिए रोज़गार कार्यालय द्वारा प्रेषित उम्मीदवारों के नाम की सूची कार्यालय की वेबसाइट http://shadestech.wixsite.com/ddeesolan पर अपलोड कर दी गई है। उन्होंने कहा कि उम्मीदवार उक्त वेबसाइट में अपना नाम व तिथि देखकर काउंसलिंग में भाग ले सकते हैं।
उन्होंने कहा कि योगयता पूर्ण करने वाले उम्मीदवार अथवा जिनके नाम रोजगार कार्यालय द्वारा प्रेषित नहीं किए गए या अन्य किसी कारण से अनुपस्थित रहे उम्मीदवार 9 जून, 2026 को काउंसलिंग में भाग ले सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए उम्मीदवार अपने जिला के उप निदेशक स्कूल शिक्षा (प्रारम्भिक) कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
