HomeHimachalहिमाचल में पटवारी और कानूनगो की हड़ताल खत्म, गति पकड़ेंगे राजस्व संबंधी...

हिमाचल में पटवारी और कानूनगो की हड़ताल खत्म, गति पकड़ेंगे राजस्व संबंधी कार्य

शिमला : हिमाचल प्रदेश में पटवारी और कानूनगो की हड़ताल समाप्त हो गई है. वीरवार से सभी कर्मचारी अपनी ड्यूटी संभालेंगे. हड़ताल खत्म होने के बाद जहां लोगों ने राहत की सांस ली है तो वहीं पिछले कई दिनों से रुके हुए राजस्व संबंधी कार्य भी गति पकड़ेंगे.

बुधवार को राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी के साथ हुई बैठक में पटवारी एवं कानूनगो महासंघ ने हड़ताल खत्म करने का ऐलान किया.

राजस्व मंत्री ने पटवारी कानूनगो महासंघ को आश्वासन दिया कि स्टेट कैडर से किसी की भी पदोन्नति प्रभावित नहीं होगी और पुराने नियमों के मुताबिक ही पदोन्नति दी जाएगी.

जगत सिंह नेगी ने कहा कि संयुक्त पटवारी कानूनगो संघ के साथ सौहार्दपूर्ण माहौल में बातचीत हुई और जो गलतफहमियां थी उन्हें दूर कर दिया गया है. नेगी ने कहा कि जब तक स्टेट कैडर को लेकर नए आर एंड पी रूल नहीं बन जाते, तब तक पुराने नियमों के मुताबिक ही प्रमोशन होगी. इसके बाद पटवारी कानूनगो संघ ने हड़ताल वापस ले ली.

ये भी पढ़ें:  एनडीएमए के सदस्य और सचिव ने किया सिस्सू झील में GLOF अर्ली वार्निंग सिस्टम का निरीक्षण, मनाली में रणनीतिक बैठक

इसके अलावा पटवारी कानूनगो के अन्य मुद्दों को लेकर बलवान कमेटी की सिफारिशों को भी सरकार ने माना है और कहा है कि कुछ पर विचार किया जा रहा है.

इस बीच संयुक्त पटवारी कानूनगो संघ के अध्यक्ष सतीश चौधरी ने कहा कि हम सरकार के साथ खड़े हैं. कुछ मामलों को लेकर गलतफहमी थी, जिसे बैठक में सुलझाने का आश्वासन मिला है. राजस्व मंत्री के आश्वासन के बाद संघ ने हड़ताल को खत्म कर काम पर लौटने का निर्णय लिया है.

बता दें कि 22 फरवरी को हिमाचल सरकार ने एक अधिसूचना जारी कर पटवारी और कानूनगो को जिला कैडर से हटाकर राज्य कैडर में शामिल करने का निर्णय लिया था, जिसके विरोध में पटवारी-कानूनगो पेन डाउन स्ट्राइक पर चले गए थे. कर्मचारियों को आशंका थी कि इससे उनके भर्ती और पदोन्नति नियमों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा. हड़ताल के कारण प्रदेशभर में राजस्व कार्य ठप पड़ गए. इससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

ये भी पढ़ें:  बिलासपुर में मॉक ड्रिल और रैली से परखी आपदा से निपटने की तैयारी
Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More