श्रीनगर : इस साल की बहुप्रतीक्षित अमरनाथ यात्रा की तारीखों का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है। ये यात्रा 3 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त तक चलेगी। कुल 57 दिनों तक चलने वाली इस यात्रा का पहला जत्था जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप से रवाना होगा।
जम्मू कश्मीर के एलजी मनोज सिन्हा ने बताया कि यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 15 अप्रैल से शुरू की जाएगी। 13 से 70 वर्ष तक की आयु के श्रद्धालु इस यात्रा में भाग ले सकेंगे। इसके अलावा, पवित्र गुफा में पहली पूजा 19 जून को ज्येष्ठ पूर्णिमा के अवसर पर संपन्न होगी।
यात्रा के लिए इस बार भी श्रद्धालुओं के लिए दो प्रमुख रूट खुले रहेंगे। पहला अनंतनाग जिले से पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबा नुनवान-पहलगाम मार्ग और दूसरा गांदरबल जिले से 14 किलोमीटर लंबा छोटा लेकिन कठिन बालटाल मार्ग। दोनों ही रास्तों पर व्यवस्थाओं को और मजबूत करने का दावा प्रशासन ने किया है।
इस वर्ष यात्रा व्यवस्थाओं में पिछले वर्षों की तुलना में करीब 25 प्रतिशत तक वृद्धि की गई है। ट्रैकिंग और सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए पहली बार RFID कार्ड की व्यवस्था लागू की जा रही है। साथ ही तीर्थयात्रियों के लिए ग्रुप एक्सीडेंटल इंश्योरेंस कवर को बढ़ाकर 5 लाख से 10 लाख रुपये कर दिया गया है।
यात्रा के दौरान इस्तेमाल होने वाले टट्टुओं (पोनीज) की मौत की स्थिति में 50,000 रुपये का मुआवजा देने का प्रावधान भी किया गया है। श्रद्धालु देशभर में चिन्हित लगभग 556 बैंक शाखाओं के माध्यम से रजिस्ट्रेशन करवा सकेंगे, जबकि ऑनलाइन सुविधा श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी।
