HomeSportsडाहर में हाटी क्रिकेट चैंपियनशिप का समापन, वाईसीसी गेहल बनी चैंपियन, उद्योग...

डाहर में हाटी क्रिकेट चैंपियनशिप का समापन, वाईसीसी गेहल बनी चैंपियन, उद्योग मंत्री ने सम्मानित कीं विजेता व उप विजेता टीमें

इससे पहले उद्योग मंत्री ने शिलाई लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

शिलाई : जिला सिरमौर के शिलाई विधानसभा क्षेत्र की डाहर पंचायत में आयोजित हाटी चैंपियनशिप क्रिकेट प्रतियोगिता- 2026 के समापन समारोह में उद्योग, संसदीय कार्य एवं श्रम रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। प्रतियोगिता में वाईसीसी गेहल विजेता और डीएनएम कांसर उपविजेता रही। मंत्री ने विजेता टीम को दो लाख रुपये व ट्रॉफी और उपविजेता को एक लाख रुपये व ट्रॉफी प्रदान की। इस दौरान उन्होंने खेल मैदान के लिए पांच लाख और नव प्रभात नवयुवक संघ डाहर को 51 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।

डाहर पहुंचने पर क्षेत्रवासियों ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ उद्योग मंत्री का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के खेल आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलता है और खेल शारीरिक व मानसिक विकास के साथ व्यक्तित्व निर्माण में भी सहायक होते हैं। युवाओं से उन्होंने अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों में लगाने का आह्वान करते हुए नशे से दूर रहने की सलाह दी।

ये भी पढ़ें:  इस सोसाइटी ने रानीताल बाग में छेड़ा सफाई अभियान, सजावटी पौधे भी लगाए

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए कई पहल कर रही है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए पुरस्कार राशि बढ़ाई गई है और सरकारी नौकरियों में आरक्षण देकर उन्हें सम्मानजनक पदों पर नियुक्ति दी जा रही है।

राजस्व घाटा अनुदान के मुद्दे पर मंत्री ने कहा कि 16वें वित्त आयोग ने पुरानी व्यवस्था को खत्म कर 10 हजार करोड़ रुपये की कटौती की है, जिससे प्रदेश के विकास की गति को रोकने की कोशिश की गई है। यह अनुदान प्रदेश के लोगों का अधिकार है और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ रही है।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर की सीमा परमार ने फिर बढ़ाया हिमाचल का मान, खेलो मास्टर्स नेशनल गेम्स में जीते 2 रजत पदक

प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में वाईसीसी गेहल ने डीएनएम कांसर को हराकर खिताब जीता, जबकि अंधेरी टीम तीसरे स्थान पर रही, जिसे 11 हजार रुपये की राशि दी गई। टूर्नामेंट में जिला सिरमौर और शिमला की 80 टीमों ने भाग लिया। डाहर पंचायत के सात महिला मंडलों ने रस्साकसी प्रतियोगिता में हिस्सा लिया, जिसमें केलवी टीम विजेता और भंगाडी उपविजेता रही।

इससे पहले उद्योग मंत्री ने शिलाई लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। समारोह में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर में संदिग्ध हालत में नहर से मिला फार्मासिस्ट का शव, जांच में जुटी पुलिस
Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More