चंबा : हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा का ऐतिहासिक एवं तीन दिवसीय जिला स्तरीय सूही मेला आज श्रद्धा, उत्साह एवं पारंपरिक गरिमा के साथ विधिवत रूप से संपन्न हुआ।
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने इस दौरान सूही मढ स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना कर समस्त प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की मंगल कामना की। इस अवसर पर उन्होंने प्रेस प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए रानी सुनयना के अमर बलिदान को स्मरण किया और कहा कि उनका त्याग और समर्पण जनकल्याण की अद्वितीय मिसाल का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि चंबा वासियों को पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए रानी सुनयना ने अपने प्राणों का बलिदान दिया था। उनका यह अनुपम त्याग आज भी चंबा की आत्मा में जीवंत है और सूही मेला उसी पावन स्मृति को जन-जन से जोड़ने का सशक्त माध्यम बना हुआ है।
विधानसभा अध्यक्ष ने यह भी कहा कि चंबा की पारंपरिक लोक कला एवं संस्कृति, ऐतिहासिक धरोहरें तथा नैसर्गिक सौंदर्य अद्वितीय हैं। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर एवं बलिदान स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
इस अवसर पर आयोजित धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
देर शाम माता के चिन्ह को सूही मढ से वापिस पिंक पैलेस के मंदिर ( अपने बेहडे) लाया गया, जिसमें काफी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर विधायक नीरज नैय्यर, जिला कृषि उपज एवं विपणन समिति अध्यक्ष ललित ठाकुर, अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी सुरजीत भरमौरी, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल, पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण जीत सिंह ठाकुर, जल शक्ति राजेश मोंगरा, विद्युत् बोर्ड राजीव ठाकुर, वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद राखी कौशल सहित स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
