HomeJudicialहरिपुरधार बस हादसे के पीड़ितों की मदद के लिए आगे आया जिला...

हरिपुरधार बस हादसे के पीड़ितों की मदद के लिए आगे आया जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिरमौर

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से नाहन, ददाहू और संगड़ाह के अस्पतालों में पैरा लीगल स्वयंसेवकों की तैनाती की गई, ताकि उपचाररत घायलों, उनके परिजनों और मृतकों के परिवारों को हर संभव सहायता मिल सके।

नाहन : जिला सिरमौर के हरिपुरधार में हुए बस हादसे के बाद जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिरमौर ने पीड़ितों और उनके परिवारों की सहायता के लिए सक्रिय पहल की है। दुर्घटना से प्रभावित घायलों, उनके परिजनों और मृतकों के परिवारों से सीधे संपर्क कर उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता, परामर्श और आवश्यक समर्थन उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इस पहल का उद्देश्य पीड़ित परिवारों को इस कठिन समय में कानूनी और प्रशासनिक स्तर पर संबल प्रदान करना है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से नाहन, ददाहू और संगड़ाह के अस्पतालों में पैरा लीगल स्वयंसेवकों की तैनाती की गई, ताकि उपचाररत घायलों, उनके परिजनों और मृतकों के परिवारों को हर संभव सहायता मिल सके। पीड़ितों और उनके परिजनों को निःशुल्क विधिक सेवा का भरोसा दिलाते हुए उन्हें राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की हेल्पलाइन 15100 की जानकारी भी दी गई, ताकि भविष्य में किसी भी तरह की कानूनी सहायता आसानी से प्राप्त की जा सके।

ये भी पढ़ें:  रेणुका डैम विस्थापितों ने फिर भरी हुंकार, हक नहीं मिला तो सड़कों पर उतरेंगे... बैठक में बड़ा ऐलान

प्राधिकरण ने मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन के चिकित्सा अधीक्षक और प्रिंसिपल के साथ भी पीड़ितों के कल्याण को लेकर चर्चा की और यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि घायलों को समय पर और उचित चिकित्सा देखभाल मिले। यह पूरी पहल अध्यक्ष, जिला एवं सत्र न्यायाधीश सिरमौर के निर्देश पर गई।

इस दौरान मुख्य विधिक सहायता रक्षा अधिवक्ता सुभाष शर्मा, सहायक विधिक सहायता रक्षा अधिवक्ता मंजीत सिंह, तथा पैरा लीगल स्वयंसेवक कमला, लेखराज और विजय कुमार ने सक्रिय भूमिका निभाई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिरमौर का यह प्रयास हादसे से प्रभावित लोगों के लिए न केवल कानूनी मार्गदर्शन बल्कि मानवीय सहयोग का बड़ा उदाहरण बनकर सामने आया है।

ये भी पढ़ें:  स्टेट स्पोर्टिड बायोचार कार्यक्रम संचालित करने में देश का पहला राज्य बना हिमाचल, त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित
Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More