नेशनल चैंपियनशिप के लिए हिमाचल की सब जूनियर बॉयज रग्बी टीम रवाना, प्रांजय को कप्तान की कमान

प्रदेश की टीम की कप्तानी पांवटा साहिब के प्रांजय को सौंपी गई है, जबकि भावेश उपकप्तान की जिम्मेदारी निभाएंगे। टीम में अंकित, आर्यन, आर्यन कंवर, विभूषित, शौर्य शर्मा, अक्षय, लक्ष्य, शौर्य, वैभव और निमेष शामिल हैं, जो राष्ट्रीय मंच पर हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

0

पांवटा साहिब : हिमाचल प्रदेश की सब जूनियर बॉयज रग्बी टीम 10वीं सब जूनियर बॉयज नेशनल रग्बी चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए ओडिशा रवाना हो गई है। यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता 20 से 22 जनवरी तक भुवनेश्वर स्थित कलिंगा स्टेडियम में आयोजित की जाएगी, जहां देशभर से आई टीमें खिताब के लिए मैदान में उतरेंगी।

प्रदेश की टीम की कप्तानी पांवटा साहिब के प्रांजय को सौंपी गई है, जबकि भावेश उपकप्तान की जिम्मेदारी निभाएंगे। टीम में अंकित, आर्यन, आर्यन कंवर, विभूषित, शौर्य शर्मा, अक्षय, लक्ष्य, शौर्य, वैभव और निमेष शामिल हैं, जो राष्ट्रीय मंच पर हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

ये भी पढ़ें:  @Nahan : इंडोर स्टेडियम में दो दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का आगाज, कांग्रेसी नेता जयदीप ने किया शुभारंभ

टीम की तैयारियों की जिम्मेदारी मुख्य कोच संदीप कुमार और सहायक कोच सुधीर कुमार के पास रही। प्रतियोगिता से पहले खिलाड़ियों का कोचिंग कैंप द स्पाइस होटल ग्राउंड, सैलाकुई में आयोजित किया गया, जहां खिलाड़ियों को शारीरिक फिटनेस, तकनीकी कौशल और टीम समन्वय पर विशेष प्रशिक्षण दिया गया।

हिमाचल प्रदेश रग्बी एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. विकास सूद ने टीम के राष्ट्रीय चैंपियनशिप में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई और खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह टीम प्रदेश की उभरती खेल प्रतिभा का प्रतिनिधित्व करती है और राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल का नाम रोशन करने का माद्दा रखती है।

ये भी पढ़ें:  सरकार... 51 वर्षों से जारी थी HRTC की टोंडा-कुफ्टू बस सेवा, पुनः की जाए बहाल

इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भागीदारी के लिए टीम को हिमाचल प्रदेश आधारित पावर पीएसयू एसजेवीएन लिमिटेड तथा तिरुपति इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड का सहयोग प्राप्त हुआ है। हिमाचल प्रदेश रग्बी एसोसिएशन ने दोनों संस्थानों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए इसे खिलाड़ियों के लिए बड़ा संबल बताया।