HomeDevelopmentधगेड़ा पंचायत के पूर्व प्रधान बने मिसाल, निजी खर्च पर सड़क बनाकर...

धगेड़ा पंचायत के पूर्व प्रधान बने मिसाल, निजी खर्च पर सड़क बनाकर गरीब परिवार के सपने को किया साकार

जिला सिरमौर के धारटीधार इलाके की धगेड़ा पंचायत के पूर्व प्रधान ने बड़ी मिसाल कायम की है। पूर्व प्रधान वीरेंद्र ठाकुर ने एक गरीब और जरूरतमंद परिवार के उस सपने को साकार किया, जिसका ख्वाब इस परिवार की पिछली कई पुश्तें देखती आ रही थी। गुरूवार को इस परिवार का इंतजार उस वक्त खत्म हो गया, जब उनके घर तक सड़क पहुंच गई।

नाहन : जिला सिरमौर के धारटीधार इलाके की धगेड़ा पंचायत के पूर्व प्रधान ने बड़ी मिसाल कायम की है। पूर्व प्रधान वीरेंद्र ठाकुर ने एक गरीब और जरूरतमंद परिवार के उस सपने को साकार किया, जिसका ख्वाब इस परिवार की पिछली कई पुश्तें देखती आ रही थी। गुरूवार को इस परिवार का इंतजार उस वक्त खत्म हो गया, जब उनके घर तक सड़क पहुंच गई। दरअसल, बाड़थल मधाना पंचायत के बेला गांव का इंद्र सिंह का परिवार दशकों से सड़क सुविधा से वंचित था। परिवार के मुखिया का घर बाड़थल मधाना और धगेड़ा पंचायत की सीमा से सटा है। उन्होंने दोनों पंचायतों में उनके घर को सड़क से जोड़ने के लिए कई बार हाथ-पैर जोड़े, लेकिन हर बार निराशा ही हाथ लगी। इस बीच वीरेंद्र सिंह परिवार के लिए आशा की नई किरण बनकर आए, जिन्हें तीन दिन के भीतर जेसीबी की मदद से 700 मीटर सड़क बनाकर उनके घर तक पहुंचा दी। खास बात ये है कि परिवार की माली हालत को देखते हुए सड़क बनाने का सारा खर्च पूर्व प्रधान ने वहन किया।

ये भी पढ़ें:  11 अप्रैल को होगी जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा-2026, वेबसाइट से डाउनलोड करें प्रवेश पत्र

इस संपर्क मार्ग को रोज बेंदली-टीना गुल्लवाला सड़क से जोड़ा गया है। लिहाजा, इस परिवार को अब सड़क सुविधा का सीधा लाभ मिल पाएगा। ऐसे में इंद्र सिंह का परिवार फूले नहीं समा रहा है। सड़क का कार्य पूरा होने के बाद गुरूवार को पूर्व प्रधान वीरेंद्र सिंह ठाकुर को घर बुलाकर उनका आभार व्यक्त किया गया। बता दें कि वीरेंद्र सिंह धगेड़ा पंचायत में वर्ष 2010-15 तक प्रधान पद पर रहे। इससे पहले वह 2005 से 2010 तक वार्ड सदस्य के रूप में भी सक्रिय रहे।

वीरेंद्र ठाकुर ने बताया जब वह पंचायत प्रतिनिधि रहे तो उनका उदेश्य जनता की सेवा को समर्पित रहा। कुछ कार्य जो पद पर रहते हुए किन्हीं कारणों से नहीं हो पाए, उसकी कसक उनके मन में थी। उन्होंने बताया कि इंद्र सिंह का परिवार बेहद गरीब और जरूरतमंद है। 5 सदस्यों का ये परिवार वर्षों से सड़क सुविधा से वंचित था। उन्होंने बताया कि इस परिवार ने सड़क के लिए दोनों पंचायतों में काफी मिन्नतें की। मगर उनकी ये मांग पूरी नहीं हो सकी। ऐसे में उन्होंने 27 हजार रुपए निजी खर्च पर उनके घर तक सड़क पहुंचाकर राहत दी।

ये भी पढ़ें:  माता-पिता गए थे ड्यूटी, पीछे टैंक में डूब गया 4 साल का मासूम, गई जान

पूर्व प्रधान का मानना है कि हर किसी को बुनियादी सुविधाएं मिलनी चाहिए, जिसका वह हकदार है। बात पूरे गांव या एक परिवार को सड़क सुविधा से जोड़ने की नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों की बुनियादी जरूरतें पूरी करने की है और हर सरकार को इस दिशा में काम करना चाहिए। इस मौके पर सुरेंद्र सिंह, सतपाल, रोहित, सीमा देवी, बीना देवी, भागवंती देवी, सरोज, प्रियंका और निशा देवी आदि ने खुशी जाहिर करते हुए पूर्व प्रधान का स्वागत करते हुए आभार प्रकट किया।

ये भी पढ़ें:  434 ग्राम गांजे के साथ धरे 62 साल की महिला और 70 साल का बुजुर्ग, नकदी भी बरामद
Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More