पांवटा साहिब : जिला सिरमौर के पांवटा साहिब विकास खंड की कोटड़ी व्यास पंचायत की होनहार खिलाड़ी स्नेहा का चयन स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तहत आयोजित 69वें स्कूल नेशनल गेम्स के लिए हुआ है। स्नेहा हिमाचल प्रदेश की अंडर-19 हैंडबॉल टीम का हिस्सा होंगी और यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता 1 फरवरी से 5 फरवरी तक बिलासपुर के घुमारवीं में आयोजित की जाएगी।
कोटड़ी व्यास स्कूल की छात्रा स्नेहा ने लगातार तीसरे वर्ष हिमाचल प्रदेश की अंडर-19 हैंडबॉल टीम में स्थान बनाकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्नेहा ने सिरमौर टीम की कप्तान के रूप में शानदार प्रदर्शन किया और टीम को सिल्वर मेडल दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इसी प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए किया गया है। वर्तमान में स्नेहा का नेशनल कैंप मोरसिंघी में चल रहा है, जो 31 जनवरी तक आयोजित होगा।
प्लस टू कक्षा की छात्रा स्नेहा, हेमराज की पुत्री हैं और एक साधारण व आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके नेशनल चयन की खबर से परिवार में खुशी का माहौल है। माता-पिता ने कहा कि यह सफलता कई वर्षों की मेहनत और प्रशिक्षक के मार्गदर्शन का परिणाम है, जिनकी बदौलत बेटियां इस मुकाम तक पहुंच पाई हैं।
स्नेहा के चयन पर एसएमसी अध्यक्ष और सदस्यों के साथ पंचायत प्रधान सुरेश कुमार, बीडीसी सदस्य शशि बाला सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने बधाई दी और आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। पंचायत प्रधान सुरेश कुमार ने उम्मीद जताई कि जिस तरह हिमाचल हैंडबॉल टीम ने राजस्थान में अंडर-14 वर्ग में प्रदेश के लिए मेडल जीता था, उसी तरह यह टीम भी राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन करेगी।
इस उपलब्धि पर कार्यवाहक प्रिंसिपल रघुबीर तोमर सहित स्कूल स्टाफ के लेक्चरर चतर चौहान, शशि बाला, ज्योति, किरण, सुष्मिता, ओम प्रकाश, राकेश, एचटी अदरिस अहमद और एसएमसी सदस्य राजकुमार, मुल्ख राज, पवन कुमार, मीरा, वीणा, सुमन, सोमी, इशरना बेगम सहित अन्य लोगों ने भी स्नेहा और उनके परिवार को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
