HomeBreakingसिरमौर की ड्रोन दीदी को राष्ट्रपति का निमंत्रण, जानें कौन है ये...

सिरमौर की ड्रोन दीदी को राष्ट्रपति का निमंत्रण, जानें कौन है ये 22 साल की लड़की

नमो ड्रोन दीदी परमजीत को मीडियम दर्जे के ड्रोन पायलट का लाइसेंस प्राप्त है. उन्हें ये लाइसेंस दिसंबर 2023 में गुरूग्राम में 15 दिनों की ट्रेनिंग के बाद मिला था. अहम बात यह भी है कि परमजीत अभी 22 साल की ही हैं, जो बीए में स्नातक कर रही हैं.

नाहन|
देवभूमि हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर की 22 साल की एक ड्रोन दीदी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से निमंत्रण मिला है. खास उपलब्धि हासिल करने वाली नमो ड्रोन दीदी परमजीत कौर को ये न्यौता 26 जनवरी को दिल्ली में होने वाले गणतंत्र दिवस के लिए मिला है. राष्ट्रपति भवन से मिले इस न्यौते को पाकर ये ड्रोन दीदी और उनका परिवार बेहद उत्साहित है.

दरअसल, जिला सिरमौर की 22 वर्षीय नमो ड्रोन दीदी परमजीत कौर को राष्ट्रपति भवन से डाक विभाग के माध्यम से यह निमंत्रण प्राप्त हुआ है. हालांकि स्पष्ट नहीं है, लेकिन माना जा रहा है कि परमजीत न केवल सिरमौर बल्कि हिमाचल प्रदेश से इस समारोह में मौजूद रहने वाली इकलौती ड्रोन दीदी हो सकती हैं. परमजीत ने अपनी इस उपलब्धि से हिमाचल सहित जिला सिरमौर को गौरवान्वित किया है.ड्रोन दीदी परमजीत कौर, सिरमौर

मीडियम दर्जे के ड्रोन पायलट का लाइसेंस है प्राप्त
यहां बता दें कि नमो ड्रोन दीदी परमजीत को मीडियम दर्जे के ड्रोन पायलट का लाइसेंस प्राप्त है. उन्हें ये लाइसेंस दिसंबर 2023 में गुरूग्राम में 15 दिनों की ट्रेनिंग के बाद मिला था. अहम बात यह भी है कि परमजीत अभी 22 साल की ही हैं, जो बीए में स्नातक कर रही हैं. उनके पिता मदनलाल एग्रीकल्चर सोसायटी के सचिव हैं, जबकि माता उषा रानी गृहिणी हैं. वह पांवटा साहिब उपमंडल के सतीवाला की रहने वाली है, जिन्होंने हाल ही में जे.बी.टी. की ट्रेनिंग भी पूरी की है. इससे पहले 15 अगस्त 2024 में भी उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का निमंत्रण मिला था.

ये भी पढ़ें:  सुक्खू सरकार पर बरसे कपूर, बोले- अगले 20 साल सत्ता में नहीं आने वाली कांग्रेस की सरकार

बेहद आकर्षक बॉक्स में आया निमंत्रण
नमो ड्रोन दीदी परमजीत कौर को राष्ट्रपति भवन से एक बेहद ही आकर्षक बॉक्स में ये निमंत्रण मिला. इस बॉक्स के भीतर हैंड मैड आइटम भी बनी हैं. इस निमंत्रण को पोस्टमैन विमल कुमार ने मुख्य डाकघर नाहन के डाकपाल सुभाष भारद्वाज के नेतृत्व में उन्हें सौंपा.ड्रोन दीदी परमजीत कौर, सिरमौर

इन्हें कहते हैं नमो ड्रोन दीदी
दरअसल नमो ड्रोन दीदी केंद्र की मोदी सरकार की एक योजना है. इसका मकसद महिलाओं के नेतृत्व वाले स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) को ड्रोन तकनीक से लेस करके उन्हें सशक्त बनाना है. इस योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर ध्यान दिया जा रहा है. ड्रोन तकनीक की मदद से महिलाएं उर्वरक और कीटनाशकों का सही तरीके से इस्तेमाल कर सकती हैं. इसके साथ ही मिट्टी का विश्लेषण और फसल निगरानी भी कर सकती हैं. सिरमौर की परमजीत कौर ने भी नमो ड्रोन दीदी योजना के तहत ड्रोन द्वारा किसानों की फसलों पर कीटनाशकों के छिड़काव का प्रशिक्षण लिया है.

ये भी पढ़ें:  12 फरवरी को बुलाई कैबिनेट बैठक, सुक्खू सरकार ले सकती है कई बड़े फैसले

ड्रोन से 5 बीघा जमीन को 8 मिनट में ही कर देती है कवर
परमजीत कौर ड्रोन से कीटनाशक का छिड़काव करती हैं. करीब 5 बीघा जमीन को ड्रोन की मदद से 7 से 8 मिनट में ही कवर कर देती हैं. बता दें कि इससे पहले किसान पंप के सहारे फसलों पर कीटनाशकों का छिड़काव करते थे. इसमें न केवल ज्यादा वक्त लगता था, बल्कि कई बार कीटनाशक किसानों की सेहत पर भी असर डालते थे. अब किसान भी ड्रोन दीदी से अपनी फसलों पर कीटनाशकों का छिड़काव करवाते हैं.

निमंत्रण पाकर हूं बहुत खुश
परमजीत ने बताया कि 10 लीटर पानी में नैनो यूरिया और डीएपी मिक्स करने के बाद इसका फसलों पर ड्रोन की मदद से छिड़काव किया जाता है. इसमें घंटों का काम चंद मिनटों में होता है. उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति का निमंत्रण पाकर वह बेहद खुश हैं.

ये भी पढ़ें:  चूड़धार में देवदार के घने जंगल में बना दी 5 किमी लंबी सड़क, हाईकोर्ट ने सरकार से तलब किया जवाब
Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More