नाहन : उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद अखिलेश यादव निजी दौरे पर हिमाचल पहुंचे हैं। मंगलवार सुबह करीब 9 बजे जिला सिरमौर के मरयोग स्थित गिरि गंगा बद्रीका आश्रम पहुंचे, जहां वह बाबा ओम स्वामी से मिले। हालांकि, अपने दौरे के दौरान अखिलेश यादव ने मीडिया से पूरी तरह दूरी बनाए रखी। उनकी पत्नी डिंपल यादव और बेटी एक सप्ताह से आश्रम में ही हैं।

अखिलेश यादव सोमवार शाम को कसौली पहुंचे थे, जहां वह एक होटल में ठहरे। मंगलवार सुबह कसौली से रवाना होकर वह सीधे मरयोग स्थित आश्रम पहुंचे। दौरे को लेकर हिमाचल पुलिस से केवल सुरक्षा की मांगी गई। पूर्व मुख्यमंत्री होने के नाते हिमाचल पुलिस ने उन्हें सुरक्षा प्रदान की है। आश्रम परिसर में उनकी सुरक्षा के लिए डीएसपी राजगढ़ वीसी नेगी स्वयं मौके पर मौजूद रहे।
बद्रीका आश्रम के लोक संपर्क अधिकारी ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का ये निजी दौरा है और मीडिया को विस्तृत जानकारी देना उचित नहीं है। बता दें कि उत्तरप्रदेश में चल रहे शंकराचार्य विवाद के बीच अखिलेश यादव का मरयोग आश्रम में बाबा से मिलने को लेकर चर्चाएं तेज हैं। बताया जा रहा है कि अखिलेश यादव बाबा के साथ उत्तरप्रदेश में चल रहे शंकराचार्य विवाद को लेकर चर्चा कर सकते हैं।



