HomeCrimeहिमाचल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 7.34 ग्राम चिट्टा बरामदगी मामले में चंडीगढ़...

हिमाचल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 7.34 ग्राम चिट्टा बरामदगी मामले में चंडीगढ़ से मुख्य सप्लायर गिरफ्तार

आरोपी के ठिकाने पर दबिश के दौरान उसके कब्जे से करीब 7 ग्राम चिट्टा भी बरामद किया गया। आरोपी को आज न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस द्वारा आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।

परवाणू : जिला सोलन के परवाणू क्षेत्र में चिट्टा (हेरोइन) तस्करी के एक मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सप्लाई चेन का खुलासा किया है। हिमुडा ग्राउंड, परवाणू के पास दो युवकों से 7.34 ग्राम चिट्टा बरामद होने के बाद की गई गहन पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने मनीमाजरा, चंडीगढ़ से मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है, जिसके ठिकाने से करीब 7 ग्राम चिट्टा और बरामद हुआ है।

पुलिस के अनुसार 31 जनवरी को गश्त के दौरान टीम ने हिमुडा ग्राउंड के समीप मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को काबू किया था। तलाशी में उनके कब्जे से 7.34 ग्राम मादक पदार्थ बरामद हुआ। आरोपियों में आर्यन (18) निवासी विश्वकर्मा कॉलोनी, पिंजौर, तहसील कालका, जिला पंचकूला (हरियाणा) की पहचान हुई, जबकि दूसरा आरोपी बाल अपचारी (नाबालिग) पाया गया, जो उसी पते का निवासी है। मौके पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए आर्यन को गिरफ्तार किया गया, वहीं बाल अपचारी से पूछताछ के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

ये भी पढ़ें:  विधायक सोलंकी ने बनेठी में रखी पटवार सर्कल भवन की आधारशिला, शिरगुल देवता मेले में की शिरकत

इसके बाद गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर चार दिन का पुलिस हिरासत रिमांड प्राप्त किया गया। रिमांड अवधि के दौरान गहन पूछताछ और अन्वेषण में यह तथ्य सामने आया कि बरामद चिट्टा मनीमाजरा, चंडीगढ़ से शिवम उर्फ काकू नामक व्यक्ति से 14,000 रुपये में खरीदा गया था। इसके साथ ही कॉल डिटेल्स सहित अन्य डिजिटल इनपुट का भी विस्तृत विश्लेषण किया गया।

एसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस थाना परवाणू की टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए बैकवर्ड लिंकेज के तहत 2 फरवरी 2026 को मनीमाजरा, चंडीगढ़ से मुख्य सप्लायर शिवम उर्फ काकू (25), निवासी न्यू इंदौर कॉलोनी, सेक्टर-13, मनीमाजरा को गिरफ्तार किया। आरोपी के ठिकाने पर दबिश के दौरान उसके कब्जे से करीब 7 ग्राम चिट्टा भी बरामद किया गया। आरोपी को आज न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस द्वारा आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।

ये भी पढ़ें:  नाहन में चिट्टे समेत ₹8600 की नकदी बरामद, डबलबेड की बैक दराज में छिपाकर रखा था नशा
Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More