बीबीएन : पुलिस जिला बद्दी में क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से विशेष एरिया डोमिनेंस अभियान चलाया गया। अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर नाके लगाए गए, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच की गई। मुख्य चौक-चौराहों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर नियमित गश्त बढ़ाई गई।

अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने प्रमुख स्थानों पर सक्रिय उपस्थिति दर्ज करवाई, ताकि असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सतर्कता और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया गया।
यह विशेष अभियान पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान के दिशानिर्देशों के अनुसार संचालित किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में निरंतर निगरानी रखी जा रही है और कानून व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
एसपी ने आम जनता से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम बद्दी को दें। उन्होंने दोहराया कि आमजन की सुरक्षा के लिए बद्दी पुलिस पूर्णतः प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।



