HomeHimachalSirmaurऐसा पहली बार जब एक साथ स्वीकार हुई सभी मांगें, ऐतिहासिक रहा...

ऐसा पहली बार जब एक साथ स्वीकार हुई सभी मांगें, ऐतिहासिक रहा CM सुक्खू का नाहन दौरा: अजय सोलंकी

विधायक ने इस जनसभा को सफल और ऐतिहासिक बनाने के लिए नाहन विधानसभा क्षेत्र के सभी नागरिकों, कार्यकर्ताओं, महिलाओं और युवाओं का भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास और सहयोग से क्षेत्र में विकास की यह गति आगे भी जारी रहेगी।

नाहन : जिला सिरमौर के नाहन विधानसभा क्षेत्र के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का हालिया दौरा विकास के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण साबित हुआ है। नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने नाहन में नए स्थान पर मेडिकल कॉलेज भवन के निर्माण के लिए राज्य निधि से 500 करोड़ रुपये देने की बड़ी घोषणा की है। इस निर्णय से भविष्य में जिला सिरमौर के लोगों को आधुनिक और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। मुख्यमंत्री ने नाहन मेडिकल कॉलेज का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया और मौजूद कमियों को दूर करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

अजय सोलंकी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने जनसभा के दौरान नाहन विधानसभा क्षेत्र की कई अन्य महत्वपूर्ण मांगों को भी स्वीकार करते हुए अनेक विकास कार्यों की घोषणाएं कीं। इनमें भोगपुर–सिम्बलवाला में रून नदी पर 60 मीटर लंबे पुल के निर्माण के लिए 6.59 करोड़ रुपये, उप्परे जमली–बरौन कथाना सड़क के लिए 5 करोड़ रुपये, ग्राम पंचायत बिक्रमबाग के डाडूवाला में फुट ब्रिज के लिए 41.36 लाख रुपये और मिश्रवाला से गांव सड़क के लिए 40 लाख रुपये स्वीकृत किए गए। इसके अलावा पालहोड़ी सड़क और पुल निर्माण के लिए 4 करोड़ रुपये और धारटीधार सिंचाई योजना के लिए 8.5 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी दी गई है।

ये भी पढ़ें:  नगर निकाय चुनाव 2026: सिरमौर में शिकायतों के समाधान के लिए बनी कमेटी, एडीएम नोडल अधिकारी नियुक्त

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने त्रिलोकपुर में उप-तहसील के साथ दो कानूनगो सर्किल और पांच पटवार सर्किल स्थापित करने की घोषणा भी की है। साथ ही धौलाकुआं में कृषि कॉलेज खोलने का भी ऐलान किया गया है, जिससे क्षेत्र के किसानों, युवाओं और आम लोगों को लाभ मिलेगा।

विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि संभवतः यह पहली बार हुआ है, जब किसी जनसभा में नाहन विधानसभा क्षेत्र की लगभग सभी प्रमुख मांगों को एक साथ स्वीकार किया गया हो। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार जताया। सोलंकी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की जनता की भावनाओं और जरूरतों को समझते हुए विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं, जिससे नाहन विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।

ये भी पढ़ें:  युवाओं को भारतीय सशस्त्र बलों में शामिल होने के लिए प्रेरित करेंगे पीवीसी कैप्टन संजय कुमार

उन्होंने कहा कि इन घोषणाओं से सड़क, सिंचाई, प्रशासनिक सुविधाओं, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे। विधायक ने इस जनसभा को सफल और ऐतिहासिक बनाने के लिए नाहन विधानसभा क्षेत्र के सभी नागरिकों, कार्यकर्ताओं, महिलाओं और युवाओं का भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास और सहयोग से क्षेत्र में विकास की यह गति आगे भी जारी रहेगी।

ये भी पढ़ें:  कोलर में परचून की दुकान पर छापा, 696 नशीले कैप्सूल और 40 हजार नकदी बरामद, दुकानदार पर केस
Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More