ऊना : उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा ऊना सोमलाल धीमान ने जानकारी देते हुए बताया की कक्षा पहली से आठवीं तक के अध्ययनरत पात्र विद्यार्थियों को स्कूल वर्दी के लिए 600 रुपये सीधे उनके बैंक खाते में ट्रांसफर किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि यह राशि वर्ष 2025–26 के लिए सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रदान की जा रही है। प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार यह लाभ सभी छात्राओं, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और बीपीएल वर्ग के विद्यार्थियों को प्रदान किया जाएगा। यह राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से सीधे विद्यार्थियों के बैंक खातों में जमा की जाएगी।
उप निदेशक सोमलाल ने बताया कि सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कक्षा पहली से आठवीं तक के पात्र विद्यार्थियों के बैंक खाते खुलवाने और उन्हें क्रियाशील बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। यदि किसी विद्यार्थी का बैंक खाता सक्रिय नहीं है, तो उसे संबंधित बैंक से शीघ्र सक्रिय करवाया जाए, ताकि कोई भी पात्र विद्यार्थी इस योजना के प्रत्यक्ष लाभ से वंचित न रह जाए।
इसके अतिरिक्त सभी खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालयों को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि उपरोक्त श्रेणियों के सभी विद्यार्थियों को डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से 600 रुपये की निर्धारित राशि प्रदान करने की पुष्टि प्रमाण-पत्र के माध्यम से की जाए।



