नाहन : सिरमौर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 14 वर्षीय नाबालिग किशोर को गुम होने के महज 24 घंटे के भीतर सुरक्षित बरामद कर लिया। यह कार्रवाई पुलिस की तेज प्रतिक्रिया और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय का उदाहरण बनी।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिलाई क्षेत्र के गांव धनना निवासी 14 वर्षीय लड़के की गुमशुदगी की रिपोर्ट रात करीब 2 बजे दर्ज हुई थी, जिसके बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई।
SHO जीत राम, ASI अनिल और हेड कांस्टेबल निखिल की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पता लगाया कि लड़का पंजाब की ओर गया है। इसके बाद जिला पटियाला के थाना शंभू पुलिस से संपर्क कर संयुक्त कार्रवाई की गई।
दोनों राज्यों की पुलिस के तालमेल से 24 घंटे के भीतर ही बच्चे को पंजाब के शंभू क्षेत्र से सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
