बिलासपुर : जिला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह के सफल आयोजन को लेकर मंगलवार को उपायुक्त राहुल कुमार की अध्यक्षता में बचत भवन में बैठक आयोजित की गई। बैठक में समारोह की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई तथा विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि जिला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह 15 अप्रैल को राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बिलासपुर के परिसर में धूमधाम से आयोजित किया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल करेंगे।
उन्होंने बताया कि हिमाचल दिवस के अवसर पर मुख्यातिथि चंगर स्थित शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के उपरांत मुख्य कार्यक्रम स्थल पर ध्वजारोहण करेंगे तथा पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस आदि टुकड़ियों द्वारा प्रस्तुत भव्य मार्च पास्ट की सलामी लेंगे। इस अवसर पर मुख्यातिथि जिला वासियों को अपना संदेश भी देंगे। उपायुक्त ने बताया कि परेड में पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी (नेवल विंग) तथा होमगार्ड बैंड की टुकड़ियां भाग लेंगी। समारोह के दौरान विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया जाएगा।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को समारोह को लेकर सभी तैयारियां को समयबद्ध पूरा करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस, लोक निर्माण, जल शक्ति, बागवानी, भाषा एवं संस्कृति, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति तथा सैनिक कल्याण विभागों के साथ-साथ राज्य बिजली बोर्ड एवं नगर परिषद को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि आयोजन सफल एवं भव्य रूप से संपन्न हो सके। इस अवसर पर एसडीएम डाॅ. राजदीप सिंह, एएसपी शिव चैधरी, सहायक आयुक्त राज कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
