नाहन : स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के धगेड़ा खंड की ओर से बुधवार को नाहन में TB जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोनीषा अग्रवाल ने की। उन्होंने कहा कि लगातार दो सप्ताह से अधिक खांसी, शाम के समय बुखार आना, छाती में दर्द, थकान, रात को पसीना आना और बलगम में खून आना टीबी के लक्षण हैं। इसको लेकर आशा वर्कर घर-घर जाकर लोगों से टीबी के ऐसे लक्षणों के बारे में जानकारी जुटा रही हैं।
उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति में इनमें से दो लक्षण पाए जाते हैं तो तुरंत बलगम का नमूना जांच के लिए भेजा जाए। जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर मरीज को नियमित रूप से दवा दी जाती है और पूरा उपचार लेने पर टीबी पूरी तरह ठीक हो सकता है। साथ ही मरीज के संपर्क में आए लोगों को भी टीबी प्रिवेंटिव थैरेपी दिलाने में सहायता की जाती है। इस अवसर पर डॉ. काम्या गुप्ता, डॉ. निखिल गर्ग, एचई कृष्णा राठौर,एसटीएस सुरेश शर्मा सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी और आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
