बीबीएन : बरोटीवाला क्षेत्र के झाड़माजरी बाजार में एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने सड़क पर जा रहे राहगीर को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद घायल मनोज कुमार को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसा कोलगेट कंपनी के पास हुआ।
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि पुलिस थाना बरोटीवाला में इस मामले में भारतीय न्याय संहिता और मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कर दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के काटे चालान
सड़क सुरक्षा को लेकर बद्दी पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। अभियान के दौरान खतरनाक और लापरवाही से वाहन चलाने, बिना नंबर प्लेट तथा अन्य नियमों की अवहेलना करने वाले चालकों पर कार्रवाई की गई।
मोटर वाहन अधिनियम के तहत अलग-अलग मामलों में कुल 342 चालान किए गए हैं। पुलिस ने साफ किया है कि भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान जारी रहेंगे और नियम तोड़ने वालों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
