ऊना : मानसून-2026 के मद्देनजर नगर निगम ऊना क्षेत्र में जलभराव और बाढ़ जैसी संभावित परिस्थितियों की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में खड्डों एवं नालों की सफाई (डी-सिल्टिंग) कार्यों की समीक्षा के लिए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए), ऊना द्वारा 20 अप्रैल को बैठक आयोजित की जाएगी।
जिला आपदा प्रबंधन एवं प्राधिकरण कार्यालय ऊना से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह बैठक जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ऊना के अध्यक्ष एवं उपायुक्त ऊना की अध्यक्षता में 11:00 बजे आयोजित होगी। बैठक में नगर निगम ऊना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी खड्डों एवं नालों में चल रहे डी-सिल्टिंग कार्यों की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। साथ ही वर्षा ऋतु के दौरान जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में जोखिम कम करने के उपायों पर चर्चा की जाएगी।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि मानसून आगमन से पूर्व सफाई एवं डी-सिल्टिंग कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए, ताकि नगर निगम ऊना क्षेत्र में जलभराव की समस्या का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
बता दें कि गत वर्ष मानसून के दौरान विशेषकर नगर निगम ऊना क्षेत्र में जलभराव और फ्लैश फ्लड की घटनाएं सामने आई थीं, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ था। पूर्व अनुभवों को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने इस वर्ष समय रहते प्रभावी कदम उठाने शुरू कर दिए हैं, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
