नाहन : भारत विकास परिषद (एचपी ईस्ट) ने व्यापक विचार-विमर्श के बाद नाहन शाखा के लिए वर्ष 2026-27 की नई कार्यकारिणी का गठन कर दिया है। परिषद की ओर से जारी नामांकन के अनुसार यशपाल शर्मा को नाहन शाखा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
इसके साथ ही प्रो. देवेंद्र शर्मा को सचिव और सुरेंद्र शर्मा को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। परिषद ने निर्देश दिए हैं कि पूर्व कार्यकारिणी से विधिवत लिखित रूप में कार्यभार ग्रहण किया जाए, ताकि संगठनात्मक प्रक्रिया सुचारू रूप से आगे बढ़ सके।
परिषद ने नवगठित टीम से यह भी अपेक्षा की है कि वे शाखा कार्यकारिणी के विस्तार के लिए उपाध्यक्ष (सेवा), उपाध्यक्ष (संपर्क), उपाध्यक्ष (संस्कार), संगठन सचिव, महिला सहभागिता गतिविधि संयोजक और पर्यावरण गतिविधि संयोजक जैसे पदों पर जल्द नियुक्तियां करें और इसकी सूचना निर्धारित प्रारूप में प्रांत स्तर पर भेजें।
बता दें कि यशपाल शर्मा वर्ष 2023 में कसौली में एसएचओ के पद से सेवानिवृत्त हुए थे और पिछले दो वर्षों से भारत विकास परिषद नाहन में प्रांतीय सदस्य के रूप में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे।
गौरतलब है कि भारत विकास परिषद वर्ष 1962 से एक सामाजिक संगठन के रूप में देशभर में विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से कार्य कर रही है।