बीबीएन : पुलिस जिला बद्दी के महिला पुलिस थाना की टीम ने सतर्कता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सड़क पर मिले एक नाबालिग बच्चे को सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाया। गश्त के दौरान संदिग्ध परिस्थिति में मिले बच्चे को पुलिस ने संरक्षण में लेकर लगातार तलाश अभियान चलाया और आखिरकार उसे सकुशल परिवार के सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार महिला पुलिस थाना बद्दी की टीम गश्त पर थी, तभी लगभग 12 वर्षीय एक किशोर संदिग्ध अवस्था में घूमता मिला। पूछताछ के दौरान बच्चे ने अपना नाम “मोदी” बताया, लेकिन वह अपने माता-पिता या घर के पते के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने बच्चे को तुरंत अपने संरक्षण में लिया और थाना के क्रेच में उसकी देखभाल सुनिश्चित की। इसके बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में लगातार पूछताछ और तलाश अभियान चलाया।
पुलिस की तत्परता और लगातार प्रयासों के चलते बच्चे के परिजनों का पता लगाया गया, जिसके बाद नाबालिग को सुरक्षित और सकुशल उसके परिवार के हवाले कर दिया गया। इस कार्रवाई ने एक बार फिर बद्दी पुलिस की मानवीय कार्यशैली और सामाजिक जिम्मेदारी को उजागर किया।
