लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने एक बार फिर अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर ‘वोट चोरी’ के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि लोकसभा में मौजूद भाजपा के 240 सांसदों में से हर छठा सांसद कथित तौर पर वोट चोरी के जरिए जीतकर आया है। राहुल गांधी ने तंज कसते हुए कहा कि ऐसे लोगों को पहचानना मुश्किल नहीं है और सवाल उठाया कि क्या उन्हें भाजपा की ही भाषा में ‘घुसपैठिए’ कहा जाना चाहिए।
वोट चोरी से कभी सीटें चुराई जाती हैं, कभी पूरी सरकार।
लोकसभा के 240 BJP सांसदों में से, मोटे तौर पर हर छठा सांसद वोट चोरी से जीता है। पहचानना मुश्किल नहीं – क्या उन्हें BJP की भाषा में “घुसपैठिए” कहें?
और हरियाणा? वहाँ तो पूरी सरकार ही “घुसपैठिया” है।
जो संस्थाएँ अपनी जेब में…
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) May 6, 2026
अपने बयान में राहुल गांधी ने हरियाणा का विशेष रूप से जिक्र करते हुए कहा कि वहां बनी पूरी सरकार ही ‘घुसपैठिया’ है, क्योंकि जनादेश के साथ बड़ा खिलवाड़ हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग संस्थाओं को अपनी जेब में रखते हैं और मतदाता सूचियों व चुनावी प्रक्रिया को तोड़-मरोड़ देते हैं, वे खुद ‘रिमोट-नियंत्रित’ हैं।
कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि सरकार को असली डर सच्चाई का है। उनका दावा है कि यदि देश में निष्पक्ष चुनाव कराए जाएं, तो मौजूदा समय में भाजपा 140 सीटों के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच पाएगी। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि इससे पहले भी वे हरियाणा, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्रा के चुनावों को लेकर सवाल उठाते रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में आए पांच राज्यों के चुनाव नतीजों के बाद भी राहुल गांधी ने मुखर होकर अपनी बात रखी है। पश्चिम बंगाल और असाम में भाजपा को मिली बड़ी जीत पर उन्होंने कड़ी आपत्ति जताई है। बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 207 सीटें जीतकर इतिहास रचा है, जबकि तृणमूल कांग्रेस (TMC) 80 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर रही। वहीं, असाम में भाजपा ने दोबारा पूर्ण बहुमत हासिल करते हुए 82 सीटों पर जीत दर्ज की है।
इससे पहले पश्चिम बंगाल के नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए राहुल गांधी ने टीएमसी प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के दावों का समर्थन किया है। ममता बनर्जी ने चुनाव के दौरान भाजपा द्वारा 100 से अधिक सीटें चुराने का आरोप लगाया था। राहुल गांधी ने इसे देश के लोकतंत्र को नष्ट करने की दिशा में भाजपा का एक बड़ा कदम बताया है और पार्टी के अन्य नेताओं से इस मुद्दे पर एकजुटता दिखाने की अपील की है।
अन्य राज्यों के चुनावी परिणामों पर नजर डालें तो केरल में कांग्रेस ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 63 सीटों पर जीत हासिल की है और 26 सीटों के साथ सीपीआईएम दूसरे स्थान पर रही। तमिलनाडु में अभिनेता से राजनेता बने विजय की पार्टी को 108 सीटें मिली हैं, लेकिन वे बहुमत का आंकड़ा पार करने में विफल रहे। इसके अलावा पुदुचेरी में एनआर कांग्रेस ने 12 सीटें जीती हैं, जहां भाजपा उसकी सहयोगी पार्टी है।
