नाहन : जिला सिरमौर के नाहन विधानसभा क्षेत्र की धगेड़ा पंचायत में भाजपा को उस समय बड़ा झटका लगा, जब पंचायत के नवनिर्वाचित प्रधान, उपप्रधान और कई वार्ड सदस्यों सहित दर्जनों परिवार कांग्रेस में शामिल हो गए। शनिवार को विधायक अजय सोलंकी ने नाहन स्थित अपने कार्यालय में सभी का कांग्रेस का पटका पहनाकर स्वागत किया।
कांग्रेस में शामिल होने वालों में धगेड़ा पंचायत के प्रधान नरेंद्र कुमार, उपप्रधान रघुवीर सिंह, वार्ड सदस्य रणदीप सिंह, प्रमोद कुमार, धनिजा देवी, मीना देवी, बिना देवी तथा सुरेश कुमार, सतपाल सिंह सहित दर्जनों परिवार शामिल हैं।
इस अवसर पर विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि लोगों का लगातार कांग्रेस से जुड़ना इस बात का संकेत है कि जनता विकास और जनसेवा की राजनीति पर भरोसा जता रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी में शामिल होने वाले सभी साथियों का सम्मान किया जाएगा और उनकी पंचायत से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से पैरवी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जनता ने जो विश्वास व्यक्त किया है, उस पर पूरी निष्ठा के साथ खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा। प्रत्येक गांव और प्रत्येक परिवार के विकास को प्राथमिकता देते हुए क्षेत्र में विकास कार्यों को गति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस परिवार लगातार मजबूत हो रहा है और पार्टी जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देकर कार्य करती रहेगी।
उन्होंने कहा कि जनता का स्नेह और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने नाहन विधानसभा के सभी नागरिकों से आह्वान किया कि जो भी व्यक्ति विकास, जनसेवा और क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य की इस यात्रा में साथ चलना चाहता है, कांग्रेस परिवार उसके स्वागत के लिए सदैव तैयार है।
