शिमला : त्रिस्तरीय पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के दूसरे चरण में वीरवार को मशोबरा ब्लॉक की 11 पंचायतों ढली, कोहलू जुब्बड़, कूफरी, पधेची, जनेडघाट, धाली, मल्याणा, पुजारली, मांजू डाबरी, शिलोन बाग और पगोग में मतदान प्रक्रिया जारी है। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर वोट डालने के लिए मतदाताओं की भीड़ देखी गई।
निर्वाचन अधिकारी पंचायत मशोबरा के अनुसार धाली पंचायत में 94 वर्षीय शौंकिया राम और अस्वस्थ होने के बावजूद 80 वर्षीय नारायण सिंह ठाकुर ने मतदान केंद्र तक दो किलोमीटर का रास्ता पैदल तय करके अपना वोट डाला। मतदान के प्रति हौसला और उत्साह देखकर शौंकिया राम ने युवाओं को लोकतंत्र में मतदान के महत्व का संदेश दिया।
इसी प्रकार ग्राम पंचायत कुफरी शवाह में अस्वस्थ होने के बावजूद भी 93 वर्षीय संतराम, 90 वर्षीय कमला देवी और 87 वर्षीय गौरी दत ने अपना वोट डाला। इनके उत्साह को देखकर युवाओं को भी मतदान करने की प्रेरणा मिली।
ठूंड मतदान केंद्र पर 96 वर्षीय गौरी देवी और 92 वर्षीय बिश राम ने अपना वोट डालकर लोकतंत्र की परंपरा का निर्वहन किया।
