कुल्लू : हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों का माहौल मातम में बदल दिया। जिला मुख्यालय के साथ लगते पीज मार्ग पर बागन के समीप सवारियों से भरी एक टाटा सूमो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 3 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 9 अन्य लोग घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि वाहन में सवार सभी लोग मतदान करने के बाद शिरड़ मेला देखने जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि वाहन सीधे गहरी खाई में जा समाया। गाड़ी गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही कुल्लू पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकालकर उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया।
हादसे में मैना देवी (37) पत्नी देवी सिंह निवासी गांव बेधर, डाकघर भरई, तहसील व जिला कुल्लू, कलावती (40) पत्नी सुरेंदर निवासी गांव बेधर, डाकघर भरई, तहसील व जिला कुल्लू और काली देवी (35) पत्नी बुद्धि सिंह निवासी गांव बेधर, डाकघर भरई, तहसील व जिला कुल्लू की मौत हुई है।
घायलों में जय सिंह (43) पुत्र भरपूर सिंह निवासी गांव शकोर, डाकघर भरई, तहसील व जिला कुल्लू, माला देवी (39) पत्नी जय सिंह निवासी गांव बेधर, डाकघर भरई, तहसील व जिला कुल्लू, अंजू (26) पुत्री रूम सिंह निवासी गांव बेधर, डाकघर भरई, तहसील व जिला कुल्लू, कमला (35) पत्नी हीरा सिंह निवासी गांव बेधर, डाकघर भरई, तहसील व जिला कुल्लू, अयांश ठाकुर (6) पुत्र राजेश ठाकुर निवासी गांव बेधर, डाकघर भरई, तहसील व जिला कुल्लू, तारा ठाकुर (25) पत्नी राजेश ठाकुर निवासी गांव बेधर, डाकघर भरई, तहसील व जिला कुल्लू, प्रोमिला देवी (35) पत्नी वीर सिंह निवासी गांव बेधर, डाकघर भरई, तहसील व जिला कुल्लू, चित्रु देवी (37) पत्नी ब्रेसटु राम निवासी गांव बेधर, डाकघर भरई, तहसील व जिला कुल्लू और सावित्रा (43) पत्नी रूम सिंह निवासी गांव बेधर, डाकघर भरई, तहसील व जिला कुल्लू शामिल हैं।
एसपी कुल्लू मदन लाल ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। वहीं कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।
