राजगढ़ : जिला सिरमौर के राजगढ़ ब्लॉक की राणाघाट पंचायत में प्रधान पद के चुनाव ने इस बार बेहद दिलचस्प मुकाबले का रूप ले लिया।
65 वर्षीय कलिया राम उर्फ डीना ने अपने ही चेले और युवा प्रतिद्वंदी संजय कुमार को 241 मतों के बड़े अंतर से हराकर पंचायत की राजनीति में अलग ही मिसाल कायम कर दी।
खास बात यह रही कि जिसे कलिया राम ने खुद मिस्त्री के काम में प्रशिक्षित किया, उसी चेले को अब चुनावी मैदान में भी गुरु से करारी शिकस्त मिली है।
राणाघाट पंचायत में कुल 991 मतदाता हैं। चुनाव परिणाम में कलिया राम को 612 वोट मिले, जबकि संजय कुमार को 371 मत प्राप्त हुए। इस जीत के बाद पूरे क्षेत्र में कलिया राम की चर्चा जोरों पर है।
कलिया राम क्षेत्र में एक कुशल कारीगर और मिस्त्री के रूप में लंबे समय से अपनी अलग पहचान रखते हैं। लोगों के बीच उनकी पकड़ और व्यवहार का असर चुनाव में भी साफ दिखाई दिया। पंचायत के मतदाताओं ने खुलकर उनका समर्थन किया और भारी मतों से विजयी बनाया।
कलिया राम ने बताया कि उन्हें राजनीति का विशेष शौक नहीं था, लेकिन पंचायत के लोगों के आग्रह और भरोसे के चलते उन्होंने इस उम्र में चुनाव लड़ने का फैसला किया। जीत के बाद उनके घर में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है और लगातार लोग पहुंचकर उन्हें बधाई दे रहे हैं।
