बिलासपुर : स्कूल शिक्षा निदेशालय हिमाचल प्रदेश द्वारा शारीरिक शिक्षा अध्यापकों (जॉब ट्रेनी) के 130 पदों को बैच आधार पर भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इसे लेकर जिला बिलासपुर में 10 पदों के लिए आगामी 3 और 4 जून को उप-निदेशक स्कूल शिक्षा (प्रारंभिक) कार्यालय में काउंसलिंग प्रक्रिया आयोजित की जा रही है।
उप-निदेशक स्कूल शिक्षा (प्रारंभिक) बिलासपुर अरुण गौतम ने बताया कि जिला बिलासपुर के 10 पदों में से 5 पद सामान्य अनारक्षित श्रेणी, 1 पद ईडब्ल्यूएस श्रेणी, 1 पद ओबीसी अनारक्षित और 3 पद अनुसूचित जाति अनारक्षित श्रेणी से भरे जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि अनारक्षित सामान्य श्रेणी के लिए बैच 31 दिसंबर 2005, ईडब्ल्यूएस श्रेणी के लिए 31 दिसंबर 2006, अन्य पिछड़ा वर्ग अनारक्षित श्रेणी के लिए बैच 31 दिसंबर 2007 और अनुसूचित जाति अनारक्षित श्रेणी के लिए बैच 31 दिसंबर 2007 के उम्मीदवार पात्र हैं।
उन्होंने बताया कि उपरोक्त बैच से संबंधित किसी अभ्यर्थी का नाम अगर संबंधित रोजगार कार्यालय द्वारा नहीं भेजा गया है और संबंधित रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो ऐसे अभ्यर्थी 4 जून 2026 को अपराह्न 2 से 5 बजे तक काउंसलिंग में भाग ले सकते हैं।
उन्होंने बताया कि काउंसलिंग प्रक्रिया में वही अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं जो शारीरिक शिक्षा शिक्षक के भर्ती एवं पदोन्नति नियम 10 जनवरी, 2011 के अनुसार पात्र हैं।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी स्कूल शिक्षा विभाग की वैबसाइट https://ddhebilaspurhp.edu.in/ पर उपलब्ध है। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए पात्र अभ्यर्थी कार्यालय के दूरभाष नंबर 01978-222589 पर किसी भी कार्यदिवस पर सुबह 10 से शाम 5 बजे तक संपर्क कर सकते हैं।
