बिलासपुर : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में आयुष विभाग, जिला बिलासपुर द्वारा चलाए जा रहे योग जागरूकता अभियान का दायरा लगातार बढ़ रहा है। एक जून से शुरू हुए इस अभियान के माध्यम से जिलेभर में समाज के विभिन्न वर्गों तक योग का संदेश पहुंचाया जा रहा है और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. सुखविंद्र कौर ने बताया कि जिले के नैना देवी, झंडूता, घुमारवीं और सदर विधानसभा क्षेत्रों में आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारियों और प्रशिक्षित योग गाइडों की ओर से महिला मंडलों, विद्यालयों, पंचायतों, आंगनबाड़ी केंद्रों, बाल योग शिविरों और हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों में नियमित योग सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की जानकारी भी दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि पिछले 20 दिनों के दौरान आयोजित योग गतिविधियों में लगभग 29,385 लोगों ने भाग लिया है। अभियान को लेकर महिलाओं, विद्यार्थियों, युवाओं और आम नागरिकों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। योग सत्रों के माध्यम से लोगों को तनावमुक्त जीवन, बेहतर स्वास्थ्य और संतुलित दिनचर्या अपनाने का संदेश दिया जा रहा है।
डॉ. सुखविंद्र कौर ने बताया कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस जिला बिलासपुर में जिला स्तरीय कार्यक्रम के रूप में मनाया जाएगा। इसके लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं और जिलेभर से बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
