अर्की : चौरंठु में मामूली कहासुनी के बाद एक व्यक्ति पर हेलमेट से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से पुलिस थाना कुनिहार में मारपीट का एक अन्य मामला दर्ज है।
पुलिस के अनुसार अर्की निवासी प्रेम लाल ने पुलिस थाना अर्की में शिकायत दर्ज करवाई कि वह अपने साथी महेश गुप्ता के साथ सरयांज की ओर जा रहे थे। जब वे चौरंठु पहुंचे तो वहां एक मोटरसाइकिल सवार अपनी बाइक को पीछे कर रहा था। इसी दौरान महेश गुप्ता ने उसे थोड़ा साइड होने के लिए कहा, ताकि मोटरसाइकिल उसके पैरों पर न चढ़ जाए।
इस बात से नाराज होकर मोटरसाइकिल सवार ने महेश गुप्ता का गला पकड़ लिया और उसके साथ मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उसने हाथ में पकड़े हेलमेट से हमला कर दिया और जान से मारने का प्रयास किया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। मारपीट में महेश गुप्ता अचेत हो गया, जिसके बाद उसे निजी अस्पताल सरयांज ले जाया गया। वहां से चिकित्सकों ने उसे सिविल अस्पताल अर्की रेफर कर दिया।
एसपी सोलन टी एसडी वर्मा ने बताया कि मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी कमलदेव (32) निवासी गांव भटीयून, डाकघर कुनिहार, तहसील अर्की, जिला सोलन को गिरफ्तार कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएफएसएल जुंगा की विशेषज्ञ टीम से घटनास्थल का निरीक्षण करवाया गया और मौके से मिले भौतिक साक्ष्य कब्जे में लिए गए।
पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।