नाहन : जिला दंडाधिकारी सिरमौर प्रियंका वर्मा ने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 115 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए बड़वास-चौकी मृगवाल सड़क पर सभी भारी वाहनों की आवाजाही को अस्थायी रूप से प्रतिबंधित करने के आदेश जारी किए हैं।
यह निर्णय उक्त सड़क पर सुरक्षा दीवार के निर्माण कार्य को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। निर्माण कार्य के दौरान सड़क पर भारी वाहनों की आवाजाही से सुरक्षा संबंधी जोखिम उत्पन्न होने की संभावना को देखते हुए यह प्रतिबंध 20 जून से बढ़ाकर अब 27 जून, 2026 तक प्रभावी रहेगा।
जारी आदेशों के अनुसार स्थानीय निवासियों के छोटे वाहन, एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवा वाहनों की आवाजाही पूर्ववत जारी रहेगी, ताकि क्षेत्र के लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और आपातकालीन सेवाएं निर्बाध रूप से संचालित हो सकें।
यह सड़क बड़वास, चन्नू, सुनला और पिहायी सहित आसपास के गांवों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। इसलिए आम लोगों की सुविधा और आपातकालीन सेवाओं को ध्यान में रखते हुए सड़क को पूर्णतः बंद नहीं किया गया है।
जिला दंडाधिकारी ने सभी वाहन चालकों से जारी आदेशों का पालन करने और निर्माण कार्य में सहयोग प्रदान करने की अपील की है। आदेशों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
ये भी पढ़ें : 23 जून को होंगे जिला परिषद सिरमौर के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के चुनाव : DC
ये भी पढ़ें : सिरमौर के टुटवी गांव में कांग्रेसी नेता की बेटी के विवाह समारोह में शामिल होंगे CM सुक्खू, प्रवास कार्यक्रम तय
