राजगढ़ : सिरमौर जिला के राजगढ़ उपमंडल के रेहड़ी गुसान गांव के होनहार छात्र सुजल ने अपनी सुरीली आवाज और शानदार प्रस्तुति के दम पर ‘स्टार ऑफ हिमाचल’ सिंगिंग प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया। मंडी में आयोजित ग्रैंड फिनाले में उन्होंने प्रथम स्थान हासिल करते हुए 1 लाख रुपये का नकद पुरस्कार जीता। उनकी इस उपलब्धि से पूरे राजगढ़ क्षेत्र में खुशी की लहर है।
विजन इंडिया फाउंडेशन द्वारा आयोजित प्रतियोगिता के राज्य स्तरीय ग्रैंड फिनाले में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित 33 प्रतिभागियों ने अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कड़े मुकाबले के बाद निर्णायकों ने सुजल को विजेता घोषित किया। प्रतियोगिता में कुल्लू के देवराज दूसरे स्थान पर रहे और उन्हें 50 हजार रुपये, जबकि शिमला के विशाल ने तीसरा स्थान हासिल कर 25 हजार रुपये का पुरस्कार प्राप्त किया।
राजगढ़ उपमंडल के रेहड़ी गुसान गांव निवासी सुजल वर्तमान में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भनोग में 11वीं कक्षा के छात्र हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें इस उपलब्धि की उम्मीद तो थी, लेकिन विजेता बनने की खुशी शब्दों में बयां नहीं की जा सकती।
सुजल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने संगीत गुरु आर.डी. शर्मा, माता-पिता और परिवार के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि लगातार अभ्यास, गुरु के मार्गदर्शन और परिवार के विश्वास ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया।
सुजल की इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
