चंबा : उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित सहायक पंजीयक (सहकारी सभाएं), जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक और तहसीलदार (निर्वाचन) के कार्यालयों का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभागीय कार्यप्रणाली, कार्य प्रगति, रिकॉर्ड भंडार, साफ-सफाई और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यालयों में रखे अनावश्यक पुराने रिकॉर्ड का न्यूनतम समय में निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि कार्यालयों में उपलब्ध स्थान का बेहतर उपयोग हो सके।
उन्होंने सहकारिता विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में स्थानीय स्तर पर दूध उत्पादन और अन्य कृषि उत्पादों के विपणन एवं बिक्री को सहकारी सभाओं के माध्यम से बढ़ावा दिया जाए, जिससे किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध हो सके।
इस अवसर पर सहायक पंजीयक (सहकारी सभाएं) सुरजीत धीमान, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक करण ठाकुर, तहसीलदार (निर्वाचन) अनूप डोगरा, जिला अंकेक्षण अधिकारी राजेश कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।