हमीरपुर : मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने नेपाल में आई भयावह बाढ़ के बीच ऊना जिले के युवक सुखविंद्र रत्न के भी चपेट में आने की खबर पर चिंता जताई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवार के लिए यह बेहद कठिन समय है और प्रदेश सरकार सुखविंद्र रत्न के बारे में जानकारी जुटाने के साथ हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने के प्रयास कर रही है।
हमीरपुर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने बाढ़ में लापता युवक के चचेरे भाई शुभम से फोन पर बातचीत कर परिवार का हाल जाना। उन्होंने शुभम को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस मुश्किल घड़ी में प्रदेश सरकार और वह स्वयं परिवार के साथ खड़े हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नेपाल की गंभीर स्थिति में सबसे पहली प्राथमिकता प्रभावित लोगों की सुरक्षित जानकारी हासिल करना और जरूरत पड़ने पर उन्हें सहायता उपलब्ध करवाना है। उन्होंने सुखविंद्र रत्न की सलामती के लिए प्रार्थना करते हुए उम्मीद जताई कि वह सुरक्षित होंगे और जल्द ही उनके संबंध में सकारात्मक जानकारी मिलेगी।
सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार मामले को गंभीरता से ले रही है। सुखविंद्र रत्न के संबंध में जानकारी जुटाने और आवश्यक सहायता के लिए भारत सरकार से भी संपर्क करने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर उनकी स्थिति की जानकारी लेने के प्रयास जारी रहेंगे।
