बरोटीवाला (सोलन) : विजिलेंस ब्यूरो ने बरोटीवाला पटवार सर्कल में तैनात एक महिला पटवारी को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि महिला पटवारी ने यह रकम लैंड वैल्यू प्रमाण पत्र बनाने की एवज में मांगी थी।
इसको लेकर शिकायतकर्ता ने विजिलेंस को शिकायत दी। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस ब्यूरो ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। योजना के तहत शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम लेकर पटवारी के कार्यालय भेजा गया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने पटवारी को एक लाख रुपये दिए, विजिलेंस टीम ने उसे मौके पर पकड़ लिया। टीम ने आरोपी से रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली है।
महिला पटवारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा। विजिलेंस आईजी बिमल गुप्ता ने बताया कि आरोपी महिला से एक लाख रुपये बरामद किए गए हैं। तहसीलदार सतेंद्र सिंह ने कहा कि आरोपी महिला पटवारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
