ददाहू : जिला सिरमौर के ददाहू में मकान के अंदर जुए का बड़ा खेल चल रहा था। कमरे में 10 लोग ताश के पत्तों पर पैसों का दांव लगा रहे थे। इसी बीच SIU नाहन की टीम ने दबिश दे दी।
पुलिस के अनुसार, मामला बीती 13 अक्टूबर का है। SIU नाहन की टीम ददाहू बाजार में गश्त पर थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि यूको बैंक के नजदीक रहने वाला एक व्यक्ति अपने मकान के कमरों में जुआ खिलवाता है और आज भी वहां कई लोग जुआ खेल रहे हैं।
सूचना मिलते ही टीम ने बताए गए मकान की धरातल मंजिल के एक कमरे में तलाशी ली, जहां 10 व्यक्ति फर्श पर बैठकर ताश के पत्तों के जरिए पैसों का दांव लगा रहे थे।
पुलिस को देखकर सभी हड़बड़ाकर खड़े हो गए और ताश के पत्ते फर्श पर फेंक दिए। पुलिस ने मौके से 1,41,500 रुपये और ताश के पत्ते बरामद किए।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि इस दौरान जुआ खेलते पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान सुनील अत्री, गोविंद सिंह, राजेंद्र कुमार, कलम सिंह, राकेश शर्मा, रामचंद्र, विक्रम सिंह, दीपचंद, सुरजन सिंह और महेंद्र सिंह के रूप में हुई है। ये सभी ददाहू के पराड़ा, जाईंचा मझाई, डुंगी कंडयोण, भरायण, भेनू और शिलाई के फिडोग व दुभोड़ के रहने वाले हैं।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने मकान मालिक अमित सब्रवाल के खिलाफ जुआ अधिनियम की धारा 3 और जुआ खेलते पकड़े गए 10 अन्य व्यक्तियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम, 1867 की धारा 4 के तहत रेणुका जी पुलिस थाने में मामला दर्ज किया है। मामले की आगामी जांच जारी है।
