नाहन : शहर की यशवंत विहार कॉलोनी में पेट्रोल पंप के पास दो बाइकों के बीच जोरदार टक्कर हो गई है। हादसे में घायल युवकों को नाहन स्थित मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। बताया जा रहा है कि दोनों बाइकों पर दो-दो युवक सवार थे। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। ये हादसा कैसे हुआ, इसका पता पुलिस जांच के बाद ही चल पाएगा।
बता दें कि नाहन-कुमारहट्टी सड़क पर इन दिनों तेज रफ्तार बाइकर्स राहगीरों के लिए भी खासी दिक्कतों का सबब बने हुए हैं। लोगों का सड़कों पर पैदल चलना दूभर हो गया है।
यहां सड़क किनारे टहलते लोगों को यही डर सताता है कि न जाने कब कोई वाहन टक्कर मार दे। पीजी कालेज के समीप कई बार हादसे हो चुके हैं। हवा में बातें करते ऐसे बाइकर्स न अपनी जान की परवाह करते दिख रहे और न ही लोगों की। स्थानीय लोगों ने यहां पुलिस की नियमित गश्त करने की मांग की है।
