ऊना : हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना के बसोली स्थित पीर निगाह मंदिर को हिमाचल प्रदेश हिंदू सार्वजनिक धार्मिक संस्थान एवं पूर्त विन्यास अधिनियम, 1984 से संलग्न अनुसूची-1 में शामिल किया गया है।
प्रदेश सरकार के भाषा एवं संस्कृति विभाग ने इस संबंध में आज (14 अक्तूबर) को अधिसूचना जारी की है।
डीसी ऊना जतिन लाल ने बताया कि अधिसूचना के तहत पीर निगाह मंदिर, गांव बसोली, तहसील एवं जिला ऊना को अनुसूची-1 में क्रम संख्या 37 पर शामिल किया गया है। यह कार्रवाई अधिनियम की धारा 29 की उपधारा (1) के तहत की गई है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने मंदिर से संबंधित संपत्तियों के बेहतर प्रबंधन, संरक्षण और परिरक्षण के उद्देश्य से यह कदम उठाया है। अधिसूचना की प्रतियां आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेज दी गई हैं।
